Thursday, May 14, 2026
Hometrendingआरजीएचएस योजना का सुचारू संचालन होने का दावा, 43 हजार से अधिक...

आरजीएचएस योजना का सुचारू संचालन होने का दावा, 43 हजार से अधिक टीआईडी हुई जनरेट

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल एवं चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) को निरंतर सुदृढ़ एवं मरीज-हितैषी बनाया जा रहा है। योजना का प्रदेशभर में सुचारू संचालन हो रहा है। गुरूवार को भी योजना के तहत सामान्य दिनों की भांति 43 हजार से अधिक टीआईडी जनरेट हुई।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि राज्य सरकार का प्रमुख उद्देश्य है कि आरजीएचएस योजना बिना किसी व्यवधान के सुचारू रूप से संचालित हो तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो। इसके लिए अस्पतालों, फार्मेसी एवं अन्य सभी हितधारकों के हितों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरूवार 26 मार्च को भी प्रदेशभर में योजना का संचालन सुचारू रूप से हुआ और बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरजीलाल अटल ने बताया कि रामनवमी का त्योहार और अवकाश होते हुए भी गुरूवार को करीब 600 रोगियों ने आईपीडी में उपचार प्राप्त किया। इसी प्रकार डे-केयर में करीब एक हजार और ओपीडी में करीब 23 हजार रोगियों ने परामर्श एवं उपचार लिया। इस प्रकार अस्पतालों में 24 हजार से अधिक ट्रांजेक्शन आईडी जनरेट की गईं, जो यह दर्शाता है कि योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाएं व्यापक स्तर पर सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी निधि पटेल ने बताया कि योजना में सूचीबद्ध फार्मेसी स्टोर्स से भी बड़ी संख्या में मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराई गई। फार्मेसी के तहत 19 हजार से अधिक इनवॉइस जनरेट हुए। इस तरह कुल ट्रांजेक्शन आईडी एवं इनवॉइस की संयुक्त संख्या 43 हजार से अधिक रही।

पटेल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अस्पतालों एवं फार्मेसी को भुगतान की प्रक्रिया नियमित रूप से जारी है, ताकि उपचार सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। शेष भुगतान भी प्राथमिकता के साथ चरणबद्ध तरीके से किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी सूचीबद्ध अस्पतालों एवं फार्मेसी स्टोर्स से अपील की कि वे मरीजों को बिना किसी असुविधा के गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराएं, ताकि आरजीएचएस योजना का लाभ अंतिम छोर तक पहुंच सके।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!