बीकानेर Abhayindia.com जिला प्रभारी सचिव हेमंत गेरा ने कहा कि सिविक एनिमिटी (नागरिक सेवाओं) से जुड़े विभाग अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
जिला प्रभारी सचिव ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। इस दौरान सिविक एनिमिटी से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला कलक्टर निशान्त जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी सचिव ने पेयजल और विद्युत सप्लाई दुरूस्त करने, सफाई और रोड लाइट दुरूस्तीकरण जैसे प्रकरणों को अविलम्ब निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय, स्वायत्त शासन, जलदाय, ग्रामीण विकास और विद्युत निगम जैसे नागरिक सेवाओं से जुड़े विभागों के वरिष्ठतम अधिकारी प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करें।
नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी ने बताया कि संपर्क पोर्टल पर नागरिक सेवाओं से संबंधित 277 प्रकरण लंबित हैं। इनमें विद्युत निगम के सर्वाधिक 175, स्थानीय निकाय विभाग के 64, बीकानेर विकास प्राधिकरण के 21, सार्वजनिक निर्माण विभाग के 6 तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज के 4 प्रकरण शामिल हैं। जिला कलक्टर निशान्त जैन ने सभी प्रकरणों को अविलम्ब निस्तारित करने के निर्देश दिए और कहा कि ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त धायगुडे स्नेहल नाना, प्रशिक्षु आइएएस स्वाति शर्मा, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिलीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
















