









जयपुर Abhayindia.com निर्वाचन आयोग ने बूथ लेवल अधिकारी के वार्षिक पारिश्रमिक को दोगुना करने और मतदाता सूचियों की तैयारी एवं पुनरीक्षण में शामिल बीएलओ पर्यवेक्षकों के पारिश्रमिक में भी वृद्धि करने का निर्णय लिया है। पिछला ऐसा संशोधन वर्ष 2015 में किया गया था। साथ ही, पहली बार निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के लिए मानदेय प्रदान किया गया है।
निर्वाचन आयोग ने बूथ लेवल अधिकारी का वार्षिक पारिश्रमिक दोगुना करते हुए 6 हजार से 12 हजार रूपये, मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए बीएलओं को प्रोत्साहन राशि 1 हजार से बढ़ाकर 2 हजार रूपये, बीएलओं पर्यवेक्षकों की 12 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रूपये की है। वहीं पहली बार एईआरओ का मानदेय 25 हजार रूपये एवं ईआरओं का मानदेय 30 हजार रूपये प्रदान किया है।
इसके अतिरिक्त आयोग ने बिहार से प्रारंभ होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए बूथ लेवल अधिकारी के लिए 6 हजार रुपये के विशेष प्रोत्साहन को भी मंजूरी दी थी। यह निर्णय निर्वाचन आयोग की उन चुनाव कर्मियों को पर्याप्त मुआवजा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है जो सटीक मतदाता सूची बनाए रखने, मतदाताओं की सहायता करने और चुनावी प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए क्षेत्र स्तर पर अथक परिश्रम करते हैं।
















