बीकानेर abhayindia.com ‘भए प्रगट कृपाला दीनदयाला, कौशल्या हितकारी…सरीखे जयकरों की गूंज आज मंदिरों और घरों में रही। मौका था मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव का। दोपहर १२ बजे घरों और राम मंदिरों में भगवान राम की विशेष पूजा-अर्चना की गई।
श्रद्धालुओं ने राम के जयकारे लगाए। वहीं बिन्नाणी चौक स्थित रघुनाथजी मंदिर में आज भी भगवान राम की कुंडली का वाचन किया गया। पंचामृत का प्रसाद वितरण किया गया। जस्सूसर गेट बाहर स्थित राम मंदिर में मुख्य पुजारी ने पूजा-अर्चना के बाद आरती की। कोरोना के चलते श्रद्धालुओं ने मंदिरों से दूरी बनाए रखी। मंदिर में भी कोरोना दिशा-निर्देशों की पालना की गई।
कुंडली का हुआ वाचन…
राम नवमी के अवसर पर शहर के रघुनाथ मंदिर में 200 साल से भी अधिक समय से भगवान श्री राम की हस्तलिखित कुंडली का वाचन की परंपरा का निर्वहन किया गया। पंडित लक्ष्मीनारायण रंगा ने आज कुंडली क वाचन किया। पंडित रंगा के अनुसार भगवान श्री राम की कुंडली वाचन को सुनने के लिए हर साल सैकड़ों की तादाद में श्रद्धालु मंदिर में आते हैं । लेकिन बार कोरोना के चलते मंदिर में महज पुजारी परिवार ही रहा।
मान्यता के अनुसार अगर इस कुंडली का वाचन सुन लिया जाए तो सुनने वाले का साल अच्छा निकलता है परिवार में सुख समृद्धि बनी रहती है। शहर में बिन्नाणी चौक से तेलीवाड़ा रोड पर स्थित रघुनाथजी के प्राचीन मंदिर में यह परम्परा निभाई गई।
घरों में रही धूम
श्रद्धालुओं ने इस बार घरों में ही भगवान राम का जन्म उत्सव मनाया। राम के चित्र पर पुष्प मालाएं अर्पित की। आरती कर भगवान राम से कोरोना से निजात दिलाने और सुख समृद्धि की अरदास की।

















