












जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बीते चौबीस घंटे के दौरान बीकानेर, जैसलमेर, सीकर सहित अन्य क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने से पारा नीचे उतर गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने के आखिरी सप्ताह में भी बारिश होने की संभावना है। नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 26 से 28 जनवरी के बीच प्रदेश के कई शहरों में बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते 23 जनवरी को झुंझुनूं, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात, 40-50 KMPH की रफ्तार से तेज हवाएं और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड, बीकानेर, डीडवाना-कुचामन और नागौर में मेघगर्जन, वज्रपात, 40-50 KMPH की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। 24 जनवरी से इस सिस्टम का प्रभाव खत्म होगा और प्रदेश में घना कोहरा पड़ेगा। इस दिन जयपुर समेत 16 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग ने 25 जनवरी को भी 13 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में उत्तरी हवाओं का प्रभाव कम हो गया है। सर्द हवाओं से सुबह-शाम कड़ाके की सर्दी से भी राहत है, लेकिन कोहरे के चलते अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। गंगानगर, टोंक, उदयपुर, पिलानी, सीकर, करौली, अलवर, बारां समेत कुछ शहरों में ही तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज हुआ। कल सबसे ज्यादा ठंडा इलाका फतेहपुर का रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।




