






जयपुर Abhayindia.com अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातों के असर से राजस्थान के मौसम में व्यापक बदलाव आने लगा है। बीते चौबीस घंटे के दौरान कई हिस्सों में बारिश होने की खबर है। इस बीच, मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, प्रदेश में 3 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है जिसके असर से जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, बीकानेर सहित शेखावाटी क्षेत्र में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही रात के तापमान में भी दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है।
विभाग ने बुधवार को भी प्रदेश के 11 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को कई जिलों में 1 से 5 इंच तक बारिश दर्ज हुई, जिससे नदियां, बांध और झीलें लबालब हो गईं। ऐसा पहली बार देखने को मिला जब अक्टूबर में बांधों के गेट खोलने पड़े हों। बारिश के साथ दिनभर बादल छाए रहने से मौसम में ठंडक घुल गई। जयपुर, अजमेर, बीकानेर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभागों में दोपहर बाद हल्की शीतलहर चलने लगी। अचानक बढ़ी सर्दी के असर के चलते लोग गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं।
विभाग के अनुसार, भीलवाड़ा में मंगलवार को सीजन का सबसे सर्द दिन दर्ज हुआ। यहां अधिकतम तापमान सिर्फ 19.6 डिग्री सेल्सियस, जो प्रदेश के कई शहरों के रात के तापमान से भी कम रहा। वहीं, सिरोही में सबसे सर्द रात दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से 12 डिग्री तक नीचे दर्ज किया जा रहा है। बूंदी के नैनवा में सबसे ज्यादा 130 मिमी बारिश हुई, जबकि भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर और बारां में 3-4 इंच तक वर्षा दर्ज की गई। भारी बरसात से बीसलपुर बांध में पानी की आवक बढ़ी, जिसके बाद एक गेट खोलकर निकासी की गई। उदयपुर की झीलों का जलस्तर भी बढ़ गया है।


