जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में गर्मी ने अब अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन तक गर्मी के तीखे तेवरों से राहत की उम्मीद नहीं है। इस दौरान तापमान में एक से दो डिग्री की और बढ़ोतरी दर्ज होने के आसार है।
विभाग ने 8 अप्रेल को बाड़मेर में अति उष्ण लहर का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, जैसलमेर, बीकानेर, झुंझुनूं, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, श्रीगंगानगर में अति उष्ण लहर का ऑरेंज अलर्ट और अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी, जयपुर, कोटा, सीकर, टोंक, चूरू, हनुमानगढ़, जालोर, नागौर और पाली में उष्ण लहर का येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया और सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस जैसलमेर में दर्ज किया गया। इसी तरह जोधपुर में 42.6, कोटा में 42, चुरू में 41.4, उदयपुर में 40 एवं श्रीगंगानगर में 39 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। जयपुर में 40.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।






















