जयपुर Abhayindia.com रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी की एक्स पर डाली गई पोस्ट के वायरल होने के साथ ही राजस्थान की राजनीति गर्मा गई है। देवासी ने सोशल मीडिया एक्स पर पिछली सरकार में एक पूर्व मंत्री और उसके पुत्रों से धमकियां मिलने का हवाला देते हुए पोस्ट में लिखा है कि कथित तौर पर जालोर, सिरोही के कुछ व्यक्तियों और सुंधा माता मंदिर के ट्रस्टियों के सहयोग से स्वयं परिवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। समाज के कमजोर वर्ग, नशा मुक्त समाज और अन्य मुद्दों के लिए मेरी लड़ाई जारी रहेगी। देवासी ने एक्स पर ये मैसेज खरगे, राहुल गांधी, आईएनसी राजस्थान, आईएनसी इंडिया, सचिन पायलट, टीकाराम जूली को पोस्ट किया है।
मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक ने स्वीकारा कि यह पोस्ट उन्होंने ही की है। हालांकि, उन्होंने किसी भी मंत्री या उसके परिवार के सदस्य का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे इस पूरे मामले को उजागर करेंगे। देवासी ने कहा कि मामला संगीन है और इसी कारण से मैंने ये पोस्ट डाली है। संगठन में भी इस संबंध में अवगत करवाया है। अभी नाम का खुलासा उचित नहीं है। मैं प्रदेश से बाहर हूं। अगले दो तीन दिन में पूरा मामले का खुलासा करूंगा।













