Saturday, May 2, 2026
HometrendingRajasthan News : विभिन्न क्षेत्रों की 10 प्रभावशाली महिलाओं को राज्यपाल ने...

Rajasthan News : विभिन्न क्षेत्रों की 10 प्रभावशाली महिलाओं को राज्यपाल ने किया सम्मानित

AdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com राज्यपाल कलराज मिश्र ने देश में महिला सशक्तिकरण के लिए अधिकाधिक प्रयास किए जाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं, वहीं तेजी से विकास की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने मीडिया को सामाजिक दायित्व समझते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए योगदान देने का भी आह्वान किया।

मिश्र गुरुवार को एक होटल में इण्डिया टुडे समूह द्वारा आयोजित इण्डिया टुडे वूमेन समिट एण्ड अवार्ड समारोह- शक्ति, साहस और सफलता उत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने समाज सेवा क्षेत्र में तारा अहलूवालिया को, खेल क्षेत्र में भारतीय घुड़सवारी एथलीट दिव्यकृति को, संतोष देवी को खेती क्षेत्र में, राजसमंद के पिपलांत्री गांव में 18 वर्षों से नवाचार कर पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने वाली अनीता पालीवाल को, उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवा के लिए प्रीति चंद्रा को, ग्रामीण विकास के लिए नीरू यादव को, बाल विवाह रोकथाम के प्रयास के लिए डॉ. कृति भारती को, श्रमिक महिला अधिकारों के लिए डॉ. मेवा भारती को, दिव्यांग बच्चों के लिए कार्य करने वाली मोनिका जांगिड़ को और अदम्य साहस का परिचय देने के लिए वसुंधरा चौहान को प्रभावशाली महिला के रूप में इण्डिया टुडे अवार्ड से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावशाली महिलाओं का सम्मान अनुकरणीय पहल है।

मिश्र ने कहा कि महिलाओं को अवसर मिलने पर वे सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने लीक से हटकर विशिष्ट क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके किए कार्य दूसरी महिलाओं को भी प्रेरणा देंगें। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान महिलाओं की समानता की गारंटी देने के साथ ही लैंगिक आधार पर भेदभाव नहीं करना भी सुनिश्चित करता है।

उन्होंने ’नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ की चर्चा करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को लोकतंत्र में भागीदारी के अधिकाधिक अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही समाज में फैली कुरीतियों के निवारण के लिए भी सभी को मिलकर प्रयास करने पर जोर दिया।

राज्यपाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में महिला समानता के अवसर बढ़ाने, कन्या भ्रूण हत्या पर प्रभावी कार्य करने, लैंगिक असमानता को रोके जाने के साथ ही महिला सशक्तिकरण के लिए सैद्धान्तिक ही नहीं व्यावहारिक रूप से भी कार्य किए जाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने मीडिया समूहों द्वारा सामाजिक दायित्व समझते हुए सामाजिक मुद्दों पर गंभीर होकर कार्य करने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में महती कार्य करने वाली दस प्रभावशाली महिलाओं को ’इण्डिया टुडे’ अवार्ड प्रदान किया गया। इससे पहले राज्यपाल ने उपस्थित लोगों को संविधान की उद्देशिका और मूल कर्तव्यों का वाचन करवाया। पूर्व में इण्डिया टुडे के हिंदी संपादक सौरभ द्विवेदी ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्यपाल ने सम्मानित महिलाओं के सम्मान में प्रकाशित परिचय पुस्तक का भी लोकार्पण किया।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!