Thursday, June 25, 2026
Hometrendingराजस्‍थान : 34 टीमों ने सौ से ज्यादा चिकित्सा संस्थानों का किया...

राजस्‍थान : 34 टीमों ने सौ से ज्यादा चिकित्सा संस्थानों का किया निरीक्षण, कई खामियां मिली, तय होगी जिम्‍मेदारी

AdAdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए चलाए जा रहे स्टेट रिव्यू मिशन के तहत शुक्रवार को जयपुर जिले के चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। राज्य स्तर से गठित 34 टीमों ने जयपुर जिले के 100 से अधिक चिकित्सा संस्थानों का सघन निरीक्षण किया।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि प्रदेशभर में मिशन मोड में स्वास्थ्य सेवाओं का उन्नयन किया जा रहा है, ताकि लोगों को चिकित्सा संस्थानों पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुगमता से मिले। इसी कड़ी में शुक्रवार को मुख्यालय से 34 ​चिकित्सकों एवं अन्य कार्मिकों की टीमें गठित कर जयपुर जिले के विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण करने के लिए भेजा गया।

राठौड़ ने बताया कि इन टीमों ने सांभरलेक, जोबनेर, चाकसू, माधोराजपुरा, बस्सी एवं सांगानेर ब्लॉक के 104 चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण किया। इसमें जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, जनता क्लिनिक सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।

टीमों ने इन संस्थानों में कार्मिकों की उपस्थिति, भवन एवं साफ सफाई की स्थिति, ओपीडी एवं आईपीडी में रोगियों की संख्या, दवाओं की उपलब्धता, जांचों की संख्या, अक्रियाशील उपकरण, इंस्टॉल नहीं हुई जांच मशीनों, आरएमआरएस में उपलब्ध फण्ड, अनुपयोगी वस्तुओं की नीलामी, संस्थागत प्रसव, नसबंदी, टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की स्थिति एवं प्रगति के बारे में बिंदुवार निरीक्षण किया।

टीमों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, जिन चिकित्सा संस्थानों में खामियां पाई गई हैं, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

AdAdAdAdAdAdAdAdAdAdAdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!