जयपुर Abhayindia.com कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को राजस्थान के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान राहुल पांच किसान सम्मेलनों और ट्रैक्टर रैली करेंगे। आपको बता दें कि राहुल गांधी के दौरे को कांग्रेस पार्टी किसान आंदोलन को मजबूती देने के तौर पर बता रही है, इस दौरे को लेकर कई सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं।
असल में, दो दिवसीय दौरे के दौरान जिन-जिन क्षेत्रों में राहुल गांधी के किसान सम्मेलन और ट्रैक्टर रौली होनी है वह सभी क्षेत्र किसान बाहुल्य और जाट बाहुल्य माने जाते हैं। जाट वर्ग को कांग्रेस का परंपरागत वोट बैंक माना जाता है, लेकिन कई चुनावों में कांग्रेस के इस वोट बैंक में भाजपा सेंध लगा चुकी है। ऐसे में राहुल गांधी एक बार फिर इस वोटबैंक को साधने का प्रयास करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में राहुल गांधी के कार्यक्रम आयोजित किए जाने के पीछे जो पार्टी की मंशा है वह यह है कि गंगानगर पंजाब और हनुमानगढ़ हरियाणा बॉर्डर से सटा हुआ है। इन जिलों में वामपंथी दलों के साथ ही भाजपा का अच्छा खासा प्रभाव है साथ ही किसान आंदोलन में सबसे ज्यादा सक्रिय किसान भी इन्हीं दो जिलों के हैं। श्रीगंगानगर में किसान आंदोलन का लंबा इतिहास रहा है। गंगानगर के घड़साना में तत्कालीन वसुंधरा सरकार के समय किसान आंदोलन के दौरान पुलिस को गोलियां भी चलानी पड़ी थी। यही वजह है कि इन दोनों जिलों में किसान रैलियों के जरिए और किसान आंदोलन के बहाने किसानों को वामपंथी दलों की ओर झुकाव रोकने के तौर पर देखा जा रहा है।
इधर, नागौर के किशनगढ़ स्वागत समारोह और मकराना में राहुल गांधी की किसान महापंचायत रखी गई है। बताया जा रहा है कि हनुमान बेनीवाल के बढ़ते प्रभाव को रोकने और कांग्रेस का प्रभाव बढ़ाने के लिए राहुल गांधी के कार्यक्रम रखे गए हैं।
राहुल गांधी के दो दिवसीय राजस्थान दौरे के दौरान सीएम रहेंगे साथ…
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के 12-13 फरवरी को राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राहुल गांधी के साथ रहेंगे। आज सुबह ग्यारह बजे गहलोत का राहुल गांधी के साथ सूरतगढ़ से पीलीबंगा जाने का कार्यक्रम है। पीलीबंगा के बाद पदमपुर में राहुल गांधी की किसान रैली होगी। गहलोत राहुल गांधी के पूरे दौरे में उनके साथ रहेंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी 12 फरवरी की सुबह सूरतगढ आएंगे। इसके बाद हनुमानगढ के पीलीबंगा और श्रीगंगानगर के पदमपुर में किसान महापंचायत को सम्बोधित करेंगे। राहुल गांधी का श्रीगंगानगर में ही रात्रि विश्राम रहेगा। 13 फरवरी की सुबह राहुल गांधी किशनगढ एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल का स्वागत करेंगे। बाद में राहुल गांधी सुरसरा गांव में वीर तेजाजी के दर्शन करेंगे और किसानों को सम्बोधित करेंगे।
इसके अलावा अजमेर जिले के ही रुपनगढ में इसके बाद ट्रेक्टर रैली होगी। बड़ी संख्या में किसान इस रैली में शामिल होंगे। राहुल गांधी खुद ट्रेक्टर चलाएंगे या नहीं यह अभी स्पष्ट नहीं है। वहीं इसके बाद राहुल गांधी नागौर पहुंचेंगे जहां परबतसर और मकराना में किसान सभाओं को सम्बोधित करेंगे।













