









बीकानेर Abhayindia.com शहर में बिजली चोरी करने से लोग बाज नहीं आ रहे हैं। जान की परवाह किए बिना बिजली आपूर्ति केबिल को काटकर चोरी कर रहे हैं। बिजली आपूर्ति कर रही बीकेईएसएल ने शहर में बिजली चोरी करने वाले एक गिरोह को पकड़ा है, जो चालू लाइन में आर्मेड केबिल काटकर बिजली की चोरी करवा रहा है। बीकेईएसएल ने ऐसे कई मामले पकडे हैं। अब इन मामलों को पुलिस को सौंप दिया है।
किया है बड़ा निवेश
बीकेईएसएल के सीओओ शान्तनू भट्टाचार्य ने बताया कि कम्पनी ने शहर में अच्छी गुणवत्ता की बिजली आपूर्ति करने के लिए एक बड़ा निवेश किया है लेकिन कुछ लोगों ने बिजली चोरी करने के कई तरीके इजाद कर लिए है। इससे बिजली चोरी कर रहे हैं। शहर में बिजली चालू रहते हुए आर्मेड केबिल को काटकर बिजली चोरी कराने वाला ऐसा गिरोह सक्रिय है। जो चालू लाइन में कट लगाकर चोरी का अंजाम दे रहा है।
आम उपभोक्त्ता ऐसे नहीं कर सकता चोरी
कंपनी सीओओ ने माना कि आम व्यक्ति इस ढंग से चालू लाइन में केबिल काट कर चोरी नहीं कर सकता है। यह काम बिजली के मामलों का अनुभवी व्यक्ति ही कर सकता है। कम्पनी की सतर्कता टीम ने गत 26 जून को सांसियों के मोहल्ले में अचानक जांच की तो वहां कई जगह आर्मेड केबिल कटी मिली। चार मकानों में केबिल को काटकर बिजली चोरी पकड़े जाने पर चार लोगों के खिलाफ वीसीआर भरी गई। इसके बाद कम्पनी ने कटी केबिल को बदल कर नई आर्मेड केबिल लगाई। लेकिन 2 जुलाई को सांसियों के मोहल्ले में बिजली बन्द की फिर शिकायत मिली तो क्षेत्र के कनिष्ठ अभियन्ता को मौके पर भेजा गया। उन्होंने देखा तो, वहां नई लगाई गई आर्मेड केबिल क्षतिग्रस्त मिली और बिजली चालू थी। केबिल में कट लगने से वहां की बिजली आपूर्ति बन्द हो गई थी। बाद में पुलिस के सहयोग से सांसियों के मौहल्ले की बिजली बहाल की गई।
जीवन पर पड़ सकता है भारी
कंपनी सीओओ शान्तनू भट्टाचार्य के अनुसार बिजली चालू रहते हुए केबिल में कट लगाना मानव जीवन के लिए खतरनाक साबित हो सकता है, इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस बारे में पुलिस में मामला दर्ज करा दिया गया है।
अपराध की श्रेणी में है
सीओओ ने बताया कि बिजली चोरी करना राजस्थान विद्युत अधिनियम के तहत न केवल अपराध है बल्कि सामाजिक बुराई है। इससे ईमानदार उपभोक्ता भी प्रभावित होते हैं।




































