





बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर शहर में सड़कों में हुए गड्ढों पर सिस्टम गौर नहीं कर रहा। चाहे मुख्य सड़क मार्ग हो या गली मोहल्ले सब जगह यही मंजर देखने को मिलेगा। नगर निगम, सार्वजनिक निर्माण विभाग व बीकानेर विकास प्राधिकरण को इनकी क्यों सुध नहीं ले रहा, यह सवाल हर आमजन के जेहन में सुलग रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता चौरू लाल सुथार ने प्रशासन को अवगत कराया कि सड़कों में हुए गड्ढों से हर समय हादसों की आशंका रहती है। इन दिनों बारिश का मौसम भी है। ऐसे हालातों में आमजन क्या सड़कों पर चलते वक्त सुरक्षित रहेगा? शायद नहीं।
सुथार ने अवगत कराया है कि बारिश के दिनों में गहरे गड्ढों में पानी भरेगा तो वे दिखाई भी नहीं देंगे ऐसे में वाहन चालकों के लिए बहुत बड़ी मुश्किल खड़ी होगी व हो भी रही है। वे इस बदइंतजामी के चलते चोटिल भी होंगे जिसमे बुजुर्ग आदमी, महिलाएं व बच्चे सभी शामिल है। जगह जगह नाली क्रॉस टूटे पड़े है, सीवरेज ओवरफ्लो हो रहे है। सारा का सारा गंदा पानी सड़कों पर पसर रहा है। जिससे गंदगी के साथ साथ मच्छरों की भी भरमार हो रही है।
सुथार ने कहा कि शहर की तासीर बिगाड़ी है सिवरेज का कार्य करने वाली फर्म मेसर्स टेक्नोक्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड ने। फर्म ने बिना किसी प्लान के पूरे शहर को ही खोदकर रख दिया व बेतरतीब तरीके से सिवरेज का कार्य किया। सड़कों पर पेचवर्क तक नहीं किया जो उनको ही करना था।जिसका नतीजा आज बीकानेर की जनता भुगत रही है। सिवरेज के चेम्बर कही सड़क लेवल से ऊंचे है तो कही नीचे व ऊपर से इनके चारों तरफ गहरे गड्ढे।
सुथार ने बताया कि जस्सूसर गेट के अंदर एस. बी.आई.बैंक के ठीक आगे सिवरेज का चेम्बर कई दिनों से जाम होने के कारण ओवरफ्लो हो चुका है व सारा गंदा पानी मुख्य सड़क मार्ग पर फैल रहा है। और तो और इस चेम्बर का ढक्कन भी हटाकर पास में रख दिया गया व चेंबर को खुला ही छोड़ दिया गया। ऐसे में निश्चित ही कोई दुर्घटना घटित होगी जिसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। इस चेम्बर के पास में ही मुख्य सड़क मार्ग पर बना नाली क्रॉस भी टूटा पड़ा है जिससे खतरा और बढ़ गया है।






