Tuesday, May 26, 2026
Hometrendingराहुल की यात्रा की राजस्‍थान में एंट्री से पहले उठी सियासी मांग,...

राहुल की यात्रा की राजस्‍थान में एंट्री से पहले उठी सियासी मांग, पायलट समर्थक नेताओं ने बैठक कर…

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान में एंट्री करने से पहले पूर्व उपमुख्‍यमंत्री सचिन पायलट समर्थक कांग्रेस विधायक एवं नेता सक्रिय होने लगे हैं। जिन पांच जिलों से राहुल की यात्रा गुजरेगी वहां के पायलट समर्थक विधायकों ने पार्टी हाईकमान से प्रदेश में व्याप्त अनिश्चितता समाप्त करने की मांग की है। इन नेताओं ने साफतौर पर पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर दी है।

आपको बता दें कि राहुल गांधी की यात्रा राजस्थान के झालावाड़ जिले में प्रवेश करेंगी। वहां से कोटा, बूंदी, दौसा होते हुए अलवर से हरियाणा में प्रवेश करेंगी। इन पांचों जिलों के नेताओं ने पायलट को सीएम बनाने की मांग की है। झालावाड़, कोटा और बूंदी के नेताओं में शामिल पूर्व विधायक रामगोपाल बैरवा, पूर्व विधायक कैलाश मीणा, विधानसभा चुनाव में खानपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे मुबारिक मंसूरी, कोटा देहात जिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरोज मीणा सहित कई नेताओं ने बैठक कर कहा कि लंबित विषय पर जल्द फैसला होना चाहिए। ज्यादा विलंब होने पर यात्रा व पार्टी पर विपरीत असर पड़ेगा।

इधर, मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल की यात्रा की कमान अपने विश्वस्त कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, खानमंत्री प्रमोद जैन भाया, राजस्व मंत्री रामलाल जाट एवं राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ को सौंपी हैं।राठौड़ को राहुल की यात्रा की कमान सौंपे जाने का विरोध भी हो रहा है।

इस बीच, नागरिक रक्षा राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा का एक और सियासी बयान सामने आया है। उन्‍होंने कहा कि चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा परिस्थितियों के कांग्रेसी हैं। हालात पक्ष में नहीं हो तो वे कांग्रेस में नहीं रहते हैं। 2008 में टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस छोड़ गए थे। पायलट को सीएम बनाने पर जोर देते हुए गुढ़ा ने कहा कि प्रदेश में मोहन लाल सुखाड़िया 37, असम में प्रफुल्ल कुमार महंत 32 और महाराष्ट्र में 36 साल की उम्र में सीएम बन गए थे। ऐसे में पायलट को भी सीएम बनाया जाना चाहिए। दरअसल, मीणा ने पिछले दिनों गुढ़ा को लेकर कहा था कि उन्हें कांग्रेस में नहीं रहना इसलिए बयानबाजी कर रहे हैं।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!