Hometrendingपीएम फसल बीमा योजना : कृषि आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश,...

पीएम फसल बीमा योजना : कृषि आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश, फर्जीवाड़े पर होगी कठोर कार्रवाई

AdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पारदर्शी, प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र किसानों को उचित लाभ पहुंचाने के लिए सोमवार को आयुक्त कृषि नरेश कुमार गोयल की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त कृषि ने अधिकारीयों को निर्देशित किया कि​ पात्र किसानों को योजना का लाभ समय पर मिले। बैठक में फसल बीमा पॉलिसियों की जांच एवं अनुमोदन की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया कि पॉलिसियों का सत्यापन निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जाए तथा अनियमितता सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

बैठक में ऑफलाइन गांवों तथा नये ऋणी किसानों की फसल बीमा पॉलिसियों पर चर्चा हुई। ऐसी पॉलिसियों का डीएलएमसी से नियमानुसार अनुमोदन कराने तथा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए, जिससे कोई पात्र किसान बीमा सुरक्षा से वंचित नहीं रहेगा। आयुक्त कृषि ने ऑनलाइन फसल कटाई प्रयोगों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से संपादित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फसल कटाई प्रयोगों के आंकड़े योजना के तहत किसानों को मिलने वाले बीमा दावों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में पोस्ट हार्वेस्ट हानि के मामलों में प्राप्त इंटिमेशन तथा नियमानुसार सर्वे की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रभावित किसानों के मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर सर्वे एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े, गलत जानकारी, अनियमित पॉलिसी अथवा नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए। आयुक्त कृषि ने स्पष्ट किया कि योजना के पारदर्शी क्रियान्वयन में बाधा डालने वाले तथा फर्जीवाड़ा करने वाले किसी भी हितधारक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना के प्रत्येक चरण की प्रभावी मॉनिटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ वास्तविक एवं पात्र किसानों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे। बैठक में संबंधित अधिकारियों ने योजना के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया तथा लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण एवं दिशा-निर्देशों की पालना का आश्वासन दिया।

बैठक में अतिरिक्त निदेशक कृषि (आदान) गोपाल लाल, संयुक्त निदेशक कृषि (फसल बीमा) जगदेव सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे एवं विभाग के सभी अतिरिक्त निदेशक कृषि (विस्तार) खण्ड, संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) जिला परिषद तथा सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) एवं वीसी के माध्यम से शामिल हुए।

AdAdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular