






बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में गोचर और खेजड़ी को लेकर आंदोलन के स्वर तेज हो रहे हैं। इन मुद्दों पर सरकार की ओर से रुख साफ नहीं होने से आमजन जहां असमंजस में हैं वहीं, सत्तारूढ भाजपा के नेता व कार्यकर्त्ता भी चिंतित नजर आ रहे हैं। इस बीच, दो दिन पहले बीकानेर जनप्रतिनिधियों व जिलाध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल के रूप में जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल से मुलाकात की और बीकानेर मुख्यालय पर लंबे समय से गोचर को बीकानेर विकास प्राधिकरण में शामिल करते हुए उसकी किस्म बदलने की बात पर चल रहे असमंजस और प्रदेश भर में खेजड़ी पेड़ों की होने वाली कटाई पर प्रतिबंध के लिए कठोर कानून बनाने की बात को लेकर चर्चा की।
इस दौरान गोचर और खेजड़ी जैसे महत्वपूर्ण विषय पर मुख्यमंत्री ने दृढ़ता से गोचर संरक्षण की बात की और कहा किसी भी कीमत पर गायों की गोचर का दूसरा उपयोग नहीं होगा ना उसकी किस्म बदली जाएगी। इस बात का समस्त गो प्रेमियों, संत समाज और सर्व समाज को विश्वास दिलाया। साथ ही खेजड़ी कटाई जैसे महत्वपूर्ण विषय पर समस्त पर्यावरण प्रेमियों और संत समाज को आश्वस्त किया कि सरकार इस पर भारी जुर्माने सहित कई कठोर प्रावधानों वाला कानून बनाने जा रही है। अन्य प्रदेशों के इस तरह के कानूनी प्रावधानों का प्रदेश के विधि विभाग में विधि विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण चल रहा है, यह पूर्ण होते ही सरकार कैबिनेट में इसकी मंजूरी लेते हुए सदन में विधेयक लाकर कानून बनाएगी। इस विषय को लेकर आज भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल विश्नोई के साथ देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ के साथ बीकानेर विधानसभा के विधायक भाजपा संभाग कार्यालय में सायं 5:00 बजे प्रेस वार्ता करेंगे।


