






बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने पीबीएम अस्पताल में संविदा पर होने वाली कर्मचारियों की नियुक्तियों में गड़बड़झाला होने का आरोप लगाया है। उन्हाेंने इस मामले की शिकायत एसपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य व अस्पताल अधीक्षक से की है। इसके अलावा उच्च स्तर पर इस मामले को पहुंचाने की बात कही।
विधायक व्यास ने पीबीएम अस्पताल परिसर में भामाशाह परिवार द्वारा निर्मित कॉटेज के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मंच से कहा कि पीबीएम अस्पताल में ठेके पर कर्मचारी लगाने के नाम पर एक-एक लाख रुपये लिए जा रहे है। इसी तरह जनता क्लिनिक में नियुक्त कर्मचारियों से हर महीने 500 रुपये से लेकर 1000 और 3000 रुपये तक नियमित रूप से वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वसूली महीनों से चल रही है और कर्मचारियों को मजबूर किया जा रहा है।
व्यास ने संविदा कर्मचारियों की भर्ती करने वाली निजी फर्मों पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि पीबीएम में 500 कर्मचारियों की नियुक्ति बताकर केवल 200 लोगों को ही लगाया गया, जबकि शेष लोगों को नहीं लगाकर भ्रष्टाचार का खेल खेला गया। विधायक के इन आरोपों पर पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने कहा कि इस मामले की जल्द ही जांच कराई जाएगी।


