





जयपुर Abhayindia.com पीबीएम अस्पताल ठेका कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) द्वारा आज राजस्थान सरकार के चिकित्सा मंत्री के नाम एक ज्ञापन प्रस्तुत कर पीबीएम अस्पताल में कार्यरत ठेका कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं श्रम कानूनों की पालना सुनिश्चित करने की मांग की गई।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पीबीएम अस्पताल में कार्यरत ठेका कर्मचारी लंबे समय से समय पर वेतन भुगतान नहीं होने, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ नहीं मिलने, सेवा सुरक्षा के अभाव, अनियमित कार्य घंटों तथा मानसिक उत्पीड़न जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। ज्ञापन में कर्मचारियों के नियमितीकरण, न्यूनतम वेतन अधिनियम के अनुरूप वेतन वृद्धि, पीएफ एवं ईएसआईसी की पारदर्शी व्यवस्था, ओवरटाइम भुगतान, सेवा सुरक्षा नीति लागू करने तथा ऑनलाइन उपस्थिति एवं भुगतान प्रणाली लागू करने की मांग की गई।
संघ ने महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, शिकायत निवारण समिति के गठन तथा ठेका कर्मचारियों के साथ हो रहे कथित शोषण एवं दबाव की निष्पक्ष जांच की भी मांग उठाई। साथ ही श्रम कानूनों का उल्लंघन करने वाली ठेका फर्मों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई एवं ब्लैकलिस्ट करने की मांग की गई।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार तंवर, महामंत्री राकेश नवल, मुकेश कलावत, हरिओम जोशी सहित अन्य कार्यकर्ता एवं ठेका कर्मचारी उपस्थित रहे। पीबीएम अस्पताल ठेका कर्मचारी संघ के महामंत्री ने बताया कि राकेश नवल ने बताया कि संघ ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन लोकतांत्रिक एवं श्रमिक हितों के अनुरूप व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।








