








बीकानेर Abhayindia.com मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के तहत प्रदेश भर की ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों के माध्यम से रास्ता खोलने, सीमाज्ञान और पेंशन सत्यापन, झूलते विद्युत तारों को दुरुस्त करने, पशु टीकाकरण, खाद्य सुरक्षा, खाता विभाजन सहित अनेक लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जा रहा है।
इसी क्रम में बीकानेर जिले में अब तक आयोजित शिविरों के जरिए ग्रामीणों की कई वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान मौके पर किया जा रहा है। साथ ही कैंपों के जरिए ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
इस पखवाड़े के दौरान राजस्व संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निष्पादन किया जा रहा है। शिविर में पिछले 7 दिनों में अब तक सीमाज्ञान के 1 हजार 92, स्वतः नामांतकरण के 790, राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम 1956 की धारा 135 (2) के 56, नामांतरकरण के 1 हजार 73, आपसी सहमति से बंटवारे के 445 तथा रास्तों से संबंधित 323 प्रकरणों का निस्तारण करते हुए ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई।
इसी प्रकार ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा 541 चयनित बीपीएल परिवारों के बैंक खातों का सत्यापन किया गया। 173 महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया। अब तक आयोजित शिविर में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजनान्तर्गत शौचालय बनाने के 416, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण हेतु पक्के आवास बनाने के 823, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 315 व आवासीय भूमि पट्टे के लिए 137 आवेदन प्राप्त हुए । इसी श्रृंखला में मिशन हरियालो राजस्थान अभियान के तहत 45 हजार 921 पौधों को लगाए गए हैं।
पखवाड़े अवधि में स्वामित्व कार्ड/ पट्टा 286 तैयार व 165 वितरित किए गए। पंचायती राज विभाग द्वारा मनरेगा के 760, 15वां वित्त आयोग (एफएफसी) के 362 तथा स्टेट फाइनेंस कमिशन (एसएफसी) के 367 कार्यों को पूर्ण करवाया गया। इसी श्रृंखला में ऊर्जा विभाग द्वारा बिजली के झूलते तारों के 224, विद्युत पोल के दुरुस्तीकरण के 155 एवं तारों के संपर्क में आने वाली झाड़ियों की छंटाई के 320 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा टीकाकरण कार्यक्रम के तहत पशुओं को विभिन्न बीमारियों से बचने के लिए पशुपालन विभाग राज्य द्वारा 24 हजार 500 पशुओं को टीका लगाया गया।


