बीकानेर Abhayindia.com पंचायत राज आम चुनाव के पहले चरण में जिला परिषद के 8 तथा चार पंचायत समितियां के 60 सदस्यों सहित 112 ग्राम पंचायतों के पंच और सरपंचों के निर्वाचन के लिए मतदान दल 21 अक्टूबर को राजकीय डूंगर महाविद्यालय से मतदान कार्मिकों के द्वितीय प्रशिक्षण के पश्चात रवाना होंगे।
पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 22 अक्टूबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक निर्धारित 319 मतदान केंद्रों पर होगा। पंच-सरपंच पद के लिए नामांकन की नामांकन प्रक्रिया 23 अक्टूबर को तथा निर्वाचन 24 अक्टूबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। 25 अक्टूबर को उप सरपंच का चुनाव होगा। पहले चरण में जिला परिषद के आठ सदस्यों के लिए निर्वाचन होगा। वहीं छत्तरगढ़ पूगल, खाजूवाला और रुणिया के 60 सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान होगा।
सोमवार को जारी होगी तीसरे चरण के निर्वाचन की लोक सूचना
पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण में श्रीडूंगरगढ़, लूणकरणसर और रीडी पंचायत समिति के 63 सदस्यों के निर्वाचन के लिए लोक सूचना 19 अक्टूबर को जारी होगी। इसके साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। तीसरे चरण में श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के 19, लूणकरणसर के 27 और रीडी के 17 सहित कुल 63 सदस्यों के लिए निर्वाचन होगा।
नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर तक राजकीय अवकाश के अलावा प्रतिदिन प्रातः 11 से दोपहर 3 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से होगी। 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। इसके ठीक बाद चुनाव प्रतीकों आवंटन और अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। श्रीडूंगरगढ़ और लूणकरणसर पंचायत समिति के सदस्यों के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की कार्यवाही संबंधित उपखंड अधिकारी कार्यालय में तथा रीडी पंचायत समिति के सदस्यों के लिए रीडी के ग्राम पंचायत भवन में की जाएगी।












