






बीकानेर Abhayindia.com उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में केंद्र के निदेशक सुदेश शर्मा द्वारा परिकल्पित राष्ट्रीय थार नाट्य समारोह के अंतर्गत शुक्रवार शाम 6:30 बजे रसरंग फाऊंडेशन, कानपुर के विजय बहादुर श्रीवास्तव द्वारा नौटंकी शैली में लिखित नाटक “चंदा बेड़नी” का सफल मंचन टाऊन हॉल में किया गया, जिसका निर्देशन प्रसिद्ध रंगकर्मी डॉ. नीरज कुशवाह ने किया। नौटंकी शैली में बुना नाटक चंदा बेड़नी की कहानी प्रेम के इर्द-गिर्द घूमती है, जो राजनैतिक षड्यंत्रों से प्रभावित होती है तथा जातिवाद और सामाजिक ऊँच-नीच के बीच प्रेम की त्रासदी को दर्शाती है।
नाटक में शीर्षक पात्र प्रतिभा विश्वकर्मा ने बख़ूबी निभाया। अन्य महत्वपूर्ण पात्रों को सजीव किया अंकुर मिश्रा, शिवम पांडे, प्रशांत मणि, सविता चौहान, अभिषेक कुमार, रितेश पासवान, परशुराम, अर्पित कुमार, सत्यम कुमार, प्रदीप यादव, अनुपम, कुशाग्र सक्सेना, सत्यम मौर्य, सुमन थापा व रोहित बटोही ने। मंच परिकल्पना रितेश पासवान, मंच प्रबंधक प्रशांत मणि, कॉस्ट्यूम्स रीना जायसवाल, प्रकाश परिकल्पना अंकित कश्यप, नृत्य संरचना रोहित बटोही, मेकअप दिनेश का पात्रानुकूल रहा। हारमोनियम पर गरीब चंद्र, ढोलक पर बसंत का सराहनीय था। सहायक निर्देशक सत्यम कुमार थे। अंत में मुख्य अतिथि संगीतकार व वरिष्ठ रंगनेत्री डॉ आभा शंकरन, क्षेत्र परिवहन अधिकारी अनिल कुमार, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ रंगनेत्री संगीता शर्मा द्वारा निर्देशक व सभी कलाकारों का पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। समन्वयक विपिन पुरोहित के अनुसार, समारोह के अंतिम दिवस 31 जनवरी को को रंगमंडप संस्थान, नई दिल्ली की हास्य नाट्य प्रस्तुति “घर का ना घाट का“ का मंचन जेपी सिंह के निर्देशन में होगा।


