जयपुर Abhayindia.com देश के कई राज्यों में बरसने के बाद मानसून अब राजस्थान से ज्यादा दूर नहीं है। मानसून की आहट हो गई है। आज प्रदेश के पूर्वी जिलों में बारिश का दौर चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 घंटे बाद मानसून राज्य के दक्षिणी भागों में प्रवेश कर सकता है। बहरहाल, प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून की बारिश हो रही है। इससे तापमान में भी तेजी से गिरावट आ रही है।
विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के सभी हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। इसके अलावा गुजरात और आसपास के क्षेत्रों में बना एक अन्य निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटों में दक्षिणी राजस्थान की ओर बढ़ने की संभावना है।
विभाग के अनुसार, अगले चार-पांच दिनों में उदयपुर और कोटा संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 21 से 23 जून के दौरान पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में और वृद्धि की संभावना है। मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी कई हिस्सों में देखने को मिलेगी।













