









हावड़ा Abhayindia.com राज्य मुख्यसचिवालय नवान्न में सोमवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ राज्य के विभिन्न धार्मिक, सामाजिक व व्यवसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की।
इस दौरान पोस्ता बाजार मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं जगतवल्लभपुर विधायक सीतानाथ घोष, महासचिव विश्वनाथ अग्रवाल ने सीएम से पोस्ता में निशुल्क वैक्सीनेशन का आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री ने वैक्सीन के सीमित स्टॉक होने की बात कहते हुए फिलहाल 100 वैक्सीन राज्य सरकार की ओर से लगाने की सहमति जताई। जानकारी के अनुसार इसी दौरान मुख्यमंत्री ने पोस्ता अंचल के मेयो हॉस्पिटल को कोविड -19 चिकित्सा के लिए उपयोग में लाने के निर्देश जारी किए है।
मर्चेंट एसोसिएशन के महासचिव विश्वनाथ अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के कहने के बाद बीते साल से अब तक एसोसिएशन की ओर से अनवरत अपनी खाद्य आपूर्ति सेवाएं दी जा रही है। यह सेवा कार्य आगे भी जारी रहेगा।
मरीजों को देंगे भोजन…
एसोसिएशन सचिव ने कहा कि पोस्ता मेयो हॉस्पिटल को अगर कोविड़ उपचार केन्द्र के रुप में स्थापित किया जाता है, तो पोस्ता बाजार मर्चेंट एसोसिएशन अपनी ओर से रोगियों के लिए भोजन की व्यवस्था करेगा। अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को इसके लिए अवगत करवाया है।
एसोसिएशन के अतिरिक्त महासचिव संदीप अग्रवाल, संयुक्त सचिव गौतम गुप्ता व कोषाध्यक्ष मनोज जालान ने कहा है कि क्षेत्र में कोविड उपचार केन्द्र के खुलने से यहां काम करने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी। यहां जिस संख्या में लोग रहते है , मज़दूर काम करते है उसे देखते हुए यह इस इलाक़े की मौजूदा हालात में एक बड़ी जरुरत भी थी।
रिपोर्ट : कोलकाता ब्यूरो चीफ सच्चिदानंद पारीक
















