बीकानेर Abhayindia.com अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बीकानेर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। रेंज आईजी ओमप्रकाश और एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में नाल थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 2 किलो 432 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और वृताधिकारी हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी विकास बिश्नोई के नेतृत्व में टीम ने “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास बिश्नोई निवासी खारा, फलौदी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से बरामद अफीम को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ नाल थाना पुलिस की यह एक महीने में लगातार चौथी बड़ी कार्रवाई है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए लगातार नाकाबंदी और सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि तस्कर से पूछताछ में अफीम की सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।













