बीकानेर Abhayindia.com शहर में बढ़ते अपराधों को चलते जागरुक नागरिकों ने चिन्ता जताई है। संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में एक शिष्टमंडल ने आज पुलिस महानिरीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा है।
इसके जरिए बताया गया है कि बीते कुछ समय से शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति बदहाल हैं निरंतर बड़ी अपराधिक घटनाएं घटने के बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंताजनक विषय है । तीन दिन पहले ही शहर के दो व्यवसायियों के घर और गाड़ी पर फायरिंग की घटनाएं हुई है।
यह बातें रखी…
बेरोकटोक सट्टेबाजी – बीकानेर शहर में जुए और सट्टे की घटनाएं निरंतर बढ़ रही हैं । क्रिकेट इत्यादि के सट्टे के कारोबार का बाजार बीकानेर स्थापित हो चुका है, इस अपराध पर प्रभावी रोकथाम के लिए पुलिस के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। प्रतिनिधि मंडल का आरोप है कि पुलिस सट्टेबाजी को लेकर गंभीर नहीं है। युवा वर्ग बड़ी संख्या में सट्टे की लत के शिकार हो गए हैं और जिसके चलते शहर में बड़े अपराध बढ़ रहे हैं ।
अवैध हथियारों का चलन। बीकानेर में अवैध हथियारों का चलन बढ़ा है, जिसके चलते कई बार फायरिंग की घटनाएं हुई है । । बीकानेर में होने वाले अपराधों में अधिकतर मामलों में इन अवैध हथियारों का प्रयोग होता है। बीकानेर शहर में अवैध हथियारों का व्यापार करने वाले अपराधी पुलिस के यहां लिस्टेड हैं ।
बावजूद इसके उन पर प्रभावी कार्रवाई न होना यह दर्शाता है कि जिला पुलिस अवैध हथियारों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भी गंभीर कदम नहीं उठा रही है। ज्ञापन में बताया है कि शहर में नशे का कारोबार भी चल रहा है। इसकी गिरफ्त में युवा पीढ़ी आ रही है। इसके अलावा सदूखोरी, ब्लैक मेलिंग की घटनाएं भी बढ़ी हैं। कुछ संगठित रूप से अपराध को कार्य करने वाले समूह संभ्रांत परिवार के लोगों को हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैक मेलिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। यह सब बीकानेर पुलिस की नाक के नीचे हो रहा है, संगठित आपराधिक समूह (गैंग) विभिन्न तरह की लूटपाट व्यापारियों को धमकाया जाने की घटनाएं, अवैध वसूली , रंगदारी जैसे अपराधों पर कोई भी प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई है। प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन के माध्यम से यह चेतावनी दी है कि अपराधिक घटनाओं में लिप्त अपराधियों के अगर गिरफ्तार नहीं किया जाता है और आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी कार्यवाही नहीं होती है, बीकानेर की जनता पुलिस के खिलाफ बड़े जन आंदोलन का आगाज करेगी । प्रतिनिधि मंडल में सुरेंद्रसिंह शेखावत, सुभाष मित्तल, भंवर पुरोहित, डॉ.अशोक भाटी , विक्रमसिंह भाटी आदि शामिल थे।
















