बीकानेर Abhayindia.com किसानों को प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल मौसम से होने वाले फसल नुकसान से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को खरीफ एवं रबी के दो फसल मौसम के लिए लागू किया है। भारत सरकार की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की परिचालन मार्गदर्शिका व समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों तथा राज्य स्तरीय समन्वय समिति फसल बीमा की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप जारी अधिसूचना के तहत योजना का क्रियान्वयन होना है।
संयुक्त निदेशक (कृषि) मदनलाल ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा के लिए खरीफ-26 के लिए बीकानेर जिले में ओरियंटल इंश्योरेंस कंपनी अधिसूचित है। सभी बैंकर्स द्वारा ऋणी कृषकों का बीमा 31 जुलाई तक खरीफ फसलों का बीमा किया जाएगा। यदि किसान अपनी फसलों में परिवर्तन करवाना चाहता है, वह 29 जुलाई तक लिखित में बैंक को सूचना उपलब्ध करवाए।
सहायक निदेशक (उद्यान) मुकेश गहलोत ने बताया कि किसान, भारत सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 7065514447 पर व्हाट्सएप कर क्लेम की संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यदि किसान को फसल में फसल कटाई उपरांत नुकसान होता है, तो नुकसान के 72 घण्टे में 14447 पर शिकायत दर्ज करवाकर अपने नुकसान की भरपाई कर सकते हैं।
सांख्यिकी अधिकारी एस. एस. अग्रवाल ने बताया कि प्रीमियम राशि का भुगतान कर इच्छुक किसान इच्छित फसल का बीमा करवा सकते हैं, किसान अंतिम दिनांक का इंतजार किए बिना अपनी फसलों का बीमा करवाएं। बीकानेर जिले में तिल, ग्वार, बाजरा, मोठ, मूंग, मूंगफली और कपास फसल अधिसूचित हैं, जिनका बीमा किसान करवा सकता है।
फसल बीमित राशि प्रीमियम राशि
1. तिल 22256 – 111
2. ग्वार 23166 – 115
3. बाजरा 13167 – 65
4. मोठ 16749 – 83
5. मूंग 46990 – 235
6. मूंगफली 184126 – 920
7. कपास 114402 – 572
8. ज्वार 34423 – 172













