Friday, May 15, 2026
Hometrendingछात्रावासों में खाद्य सामग्री खरीद में अनियमितताएं, मंत्री ने कहा- समिति गठित,...

छात्रावासों में खाद्य सामग्री खरीद में अनियमितताएं, मंत्री ने कहा- समिति गठित, दोषी अफसरों पर होगी कार्रवाई

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबू लाल खराड़ी ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि जनजातीय क्षेत्रीय छात्रावासों में खाद्य सामग्री खरीद में अनियमितताओं की जानकारी मिलने पर समिति का गठन कर जांच करवाई जा रही है। समिति में वित्त सलाहकार, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, लेखाधिकारी एवं सहायक लेखाधिकारी को शामिल किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य अर्जुन सिंह बामणिया द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा छात्रावासों को सहकारिता उपभोक्ता भण्डार से खाद्य सामग्री खरीदने के निर्देश दिये गए थे। उपभोक्ता भण्डार द्वारा 2 महीने के बाद ही राशन उपलब्ध करवाने में असमर्थता जताने के बाद छात्रावासों द्वारा बाहर से राशन सामग्री की खरीद की गई।

खराड़ी ने बताया कि आश्रम छात्रावास सल्लोपाट (बांसवाड़ा) को 3 लाख 42 हजार रुपये की राशि का भुगतान किया गया है, जिसकी समिति द्वारा जांच की जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने इस संबंध में हस्तक्षेप करते हुए प्रकरण की गहन जांच के लिए निर्देश दिए।

इससे पहले विधायक बामणिया के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री ने बताया कि विभाग द्वारा संचालित राजकीय जनजाति आश्रम छात्रावासों में आवासित छात्र -छात्राओं को प्रतिदिन मीनू के अनुसार भोजन तथा नाश्ता,फल, दूध-बिस्किट, चाय इत्यादि दिया जा रहा है। भोजन मीनू की प्रति उन्होंने सदन के पटल पर रखी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में आश्रम छात्रावासों में खाद्य सामग्री की आपूर्ति हेतु निविदाएं जारी नहीं की गयी। श्री खराड़ी ने आश्रम छात्रावास सल्लोपाट (बांसवाड़ा), आश्रम छात्रावास खेडावड़लीपाडा (बांसवाड़ा), आश्रम छात्रावास सुहागपुरा (प्रतापगढ़) एवं आश्रम छात्रावास रघुनाथपुरा (डुंगरपुर) के माह अगस्त, 2025 से सितम्‍बर 2025 दो माह के खाद्य सामर्ग्री आपूर्ति के बीजक की प्रतियां सदन के पटल पर रखीं।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!