Friday, April 24, 2026
Hometrendingनिवेश-रोजगार को मिलेगी गति, रीको ने खोले 21 नए औद्योगिक क्षेत्र, भूखंड...

निवेश-रोजगार को मिलेगी गति, रीको ने खोले 21 नए औद्योगिक क्षेत्र, भूखंड आवंटन प्रक्रिया जारी

AdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में देश-विदेश से अधिकाधिक निवेश आकर्षित करने तथा उद्यमियों को राज्य में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में रीको लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप राज्य में रोजगार सृजन को गति देने के उद्देश्य से रीको द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में 21 नए औद्योगिक क्षेत्रों को आवंटन के लिए खोला गया है। निवेशकों की आवश्यकता एवं रुचि को ध्यान में रखते हुए इन औद्योगिक क्षेत्रों में भूखण्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

नवीन औद्योगिक क्षेत्रों में से कुछ क्षेत्रों में निवेशकों ने विशेष रुचि दिखाई है। इन औद्योगिक क्षेत्रों में अलवर के रूंधसोखरी में 40 भूखण्ड, अजमेर के अजयमेरू पालड़ा विस्तार में 18 एवं सांथना जनरल जोन में 17, बालोतरा के बोरावास कलावा प्रथम चरण स्पेशल पार्क में 28, सीकर के गणेश्वर में 46 तथा जयपुर के हुक्कन औद्योगिक क्षेत्र में 31 भूखण्ड आवंटित/ऑफर लेटर जारी किये जा चुके हैं।

अधिकांश औद्योगिक क्षेत्रों में प्रत्यक्ष आवंटन योजना के अंतर्गत भूखण्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे निवेशक कम लागत पर शीघ्र अपनी इकाइयां स्थापित कर संचालन प्रारंभ कर सकें। अब तक इन क्षेत्रों में 195 औद्योगिक भूखण्ड आवंटित किए जा चुके हैं अथवा ऑफर लेटर जारी किए गए हैं।

इन 21 औद्योगिक क्षेत्रों में केकड़ी विस्तार (अजमेर), बारौली (भरतपुर), पंढेर गुलाबपुरा, धुनवाला, पीपलूंद एवं कीडिमाल (भीलवाड़ा), बिचून (जयपुर), पीपलखेड़ी बारां (कोटा), कछालिया बूंदी (कोटा) तथा सगतपुरा (उदयपुर) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त रीको द्वारा स्पेशल प्रोडक्ट्स पर आधारित औद्योगिक क्षेत्र भी खोले गये हैं, जिनमें अजमेर का आईटी पार्क, गजनेर (बीकानेर) का सेरेमिक पार्क, किशनगढ़ का टाइल्स पार्क, गुंदी फतेहपुर (कोटा) का स्टोन पार्क एवं वाटर रिसाइक्लिंग पार्क प्रमुख रूप से सम्मिलित हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों में रीको ने औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर आवंटन हेतु खोले हैं। पिछले दस वर्षों की तुलना की जाये तो वित्तीय वर्ष 2016-17, 2018-19 व 2019-20 में 1-1, 2017-18 में 4, 2020-21 में 15 व 2021-22 में 13, 2022-23 में 18, 2023-24 में 14, 2024-25 में 12 तथा 2025-26 में 21 नए औद्योगिक क्षेत्र आवंटन हेतु खोले गए हैं।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!