








बीकानेर Abhayindia.com शिक्षा विभाग में माध्यमिक और प्रारम्भिक निदेशालय के एकीकरण की कवायद शुरू हो गई है। इस कड़ी में माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय के विभागीय जांच अनुभाग का एकीकरण किया गया है।
इस संदर्भ में माध्यमिक शिक्षा निदेशक सौरभ स्वामी ने कार्यालय आदेश जारी किया है। इसके अनुसार प्रारम्भिक एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में विभागीय जांच से संबंधित कार्यों एवं प्रकरणों के त्वरित निस्तारण एवं सहज पत्रावली निष्पादन के लिए यह एकीकरण किया गया है।
इसी क्रम में निदेशालय प्रारम्भिक शिक्षा बीकानेर के विभागीय जांच अनुभाग के सभी अधिकारी, कार्मिकों के संस्थापन संबंधित सभी कार्य एवं वेतन आहरण निदेशालय प्रारम्भिक शिक्षा के अधिन रहेंगे। लेकिन प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय के विभागीय जांच के सभी अधिकारी व कार्मिक माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के अनुभाग अधिकारी, विभगीय जांच के अधीन कार्य करेंगे। साथ ही माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के प्रशासनिक भवन में आवंटित कक्ष में बैठक कर आगामी विभागीय जांच संबंधित कार्य करेंगे।
गौरतलब है कि शिक्षा विभाग में माध्यमिक और प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय के एकीकरण को लेकर लंबे अर्से योजनाएं बन रही थी, लेकिन क्रियान्विति नहीं हुई। अब शिक्षा विभाग ने दोनों निदेशालय के एकीकरण की ओर एक कदम बढ़ाया है।
अब यह अनुभाग यहां होंगे…
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में स्थित मुख्य हेरिटेज भवन(गोल बिल्डिंग) में नए कक्ष में अनुभाग को स्थानान्तरित किया गया है। निदेशक की ओर से जारी आदेश के अनुसार हेरिटेज भवन के प्रथम तल पर एसीआर के पास दो छोटे और बड़े कमरों में उपनिदेशक खेलकूद एवं खेलकूद अनुभाग लगेगा, इसी तरह उप निदेशक समाज शिक्षा एवं समाज शिक्षा अनुभाग हेरिटेज भवन के ग्राउण्ड फ्लोर में रहेगा, भवन के प्रथम की लॉबी में पुस्तकालय, निदेशालय शिक्षा के प्राशसनिक भवन में समाज शिक्षा से रिक्त हुए कक्ष में माध्यमिक शिक्षा प्राथमिक जांच अनुभाग एवं प्रारम्भिक शिक्षा विभागीय जांच अनुभाग रहेगा।
वहीं सीएसआर अनुभाग हेरिटेज बिल्डिंग के प्रथम तल पर स्थित वित्तीय सलाहकार कक्ष एवं उसके पास स्थित दो छोटे कक्षों में रहेगा। इसी तरह खेलकूद अनुभाग से रिक्त हुए कक्ष को विधि अनुभाग को आवंटित किया गया है। सम्पर्क पोर्टल अनुभाग को कम्प्यूटर अनुभाग से डीमर्ज करके सतर्कता अनुभाग में मर्ज किया गया है।
Preview YouTube video पॉलिसी बनाकर किया जाएगा परिवेदनाओं का निस्तारण : सौरभ स्वामी, निदेशक























