बीकानेर Abhayindia.com डॉ. शोभा मेहरा को भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग (DBT) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित D.E.S.I.G.N. for BioE3 चैलेंज (फ़रवरी चक्र) में देश के शीर्ष 10 राष्ट्रीय विजेताओं में शामिल किया गया है। राष्ट्रीय कृषि, खाद्य एवं जैवविनिर्माण संस्थान, मोहाली में आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. मेहरा को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के माननीय केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा एक लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया है। बीकानेर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष मिश्री बाबू जनागल की पुत्रवधु डॉ. मेहरा के बीकानेर आगमन पर रेलवे स्टेशन पर एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. अनन्त जोशी, अनिल व्यास सहित अनेक पदाधिकारियों, रेल्वे स्टाफ, परिवारजनों तथा गणमान्य जनों ने उनका आत्मीय स्वागत, अभिनंदन एवं सम्मान किया।
डॉ. शोभा मेहरा के पिता जोधपुर निवासी हडमान राम मेहरा ने कहा कि उनकी पुत्री की इस उपलब्धि से न केवल जोधपुर या बीकानेर का मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है बल्कि उसने अपने प्रदेश राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। बीकानेर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष व बीकानेर रेल्वे के सेवानिवृत्त मुख्य टिकट निरीक्षक मिश्री बाबू ने कहा कि उनकी पुत्रवधु डॉ. शोभा मेहरा ने जैव विज्ञान व कृषि क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगित में शीर्ष दस स्थान में अपना स्थान बनाकर जो उपलब्धि हासिल की है यह सम्मान उसका केवल व्यक्तिगत सम्मान का प्रतीक ही नहीं होकर बल्कि बेटियों व बहुओं को पढ़ने व आगे बढ़ाने के अवसर प्रदान करने की हमारी प्रगतिवादी सोच का सकारात्मक परिणाम है। निश्चित रूप से हमारे शहर बीकानेर, रेलवे परिवार और हम सभी के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है तथा डॉ. मेहरा की प्रतिभा, मेहनत और समर्पण निश्चित रूप से युवा पीढ़ी विशेष रूप से हमारे बीकानेर की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
रामपुरिया विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनन्त जोशी ने, डॉ. शोभा के जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्राप्त इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मरुस्थल की बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर जब भी प्राप्त हुए है उन्होंने अपने आप को विज्ञान, कृषि तकनीकी जैसे जटिल क्षेत्रों में भी अपनी श्रेष्ठता को साबित किया है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर लोकेश जनागल, मदनलाल जनागल, जेठाराम लीलड, अनिल कुमार व्यास, गौरी शंकर भाटिया, गायत्री देवी, मोनिका देवड़ा, नारायणी देवी, कृतिका, नूतन कुमार, मनवर खान, सीटीआई नागेंद्र सिंह राठौड़, मोहनलाल करेला सहित समस्त टिकट चेकिंग स्टाफ, रेलवे बीकानेर एवं गणमान्यजनों ने बीकानेर के गौरव डॉ. शोभा मेहरा का फूलमालाओं से स्वागत करते हुए अपनी खुशी व्यक्त की तथा बीकानेर की बेटी को आशीर्वाद प्रदान किया।



















