







बीकानेर Abhayindia.com फलोदी जिले में भारतमाला हाईवे पर हनुमान सागर के पास रविवार शाम सात बजे खड़े ट्रेलर में मिनी बस के घुसने से 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के आगे का हिस्सा चकनाचूर हो गया। मरने वालों में 4 बच्चे, ड्राइवर और 10 महिलाएं शामिल हैं। इनमें 7 लोग एक ही परिवार के हैं। सभी लोग सूरसागर के नैनची बाग क्षेत्र के रहने वाले थे। ये सभी बीकानेर जिले के कोलायत से लौट रहे थे, तभी मतोड़ा में भारतमाला हाईवे पर हनुमान सागर क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया।
घटनाक्रम के अनुसार, सूरसागर के नैनची बाग निवासी 12 महिलाएं व चार बच्चे देवउठनी एकादशी पर बीकानेर जिले में कोलायत के कपिल मुनि आश्रम के तालाब में कार्तिक स्नान करने गए थे। जहां पर सभी महिलाओं ने ग्रुप फोटो भी खिंचवाई थी। लेकिन, किसे पता था कि उनकी ये आखिरी सेल्फी होगी। हादसे के बाद मौके पर लोगों को भीड़ जमा हो गई। टेम्पो ट्रेवलर में फंसे घायलों और शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों की मदद करते हुए भी लोगों की आंखों से आंसू बह रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहली बार इस जगह पर इतना बड़ा हादसा देखा है। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जो अपनों की लाशें देखकर बेसुध हो गए।






