Thursday, April 25, 2024
Hometrendingराज्यपाल ने किया संविधान पार्क और ऑक्सीजन पार्क का उद्घाटन, कहा- संविधान...

राज्यपाल ने किया संविधान पार्क और ऑक्सीजन पार्क का उद्घाटन, कहा- संविधान के मूल में भारतीय संस्कृति का स्वरूप विद्यमान

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

बीकानेर Abhayindia.com राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव राष्ट्र निर्माण की जड़ों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। यह अपने आप में अनूठा पर्व है, जो स्वाधीनता संग्राम के सेनानियों की स्मृतियों को बनाए रखने का मौका देता है।

राज्यपाल कलराज मिश्र रविवार को बीकानेर के महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय परिसर में आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर संविधान पार्क और ऑक्सीजन पार्क के उद्घाटन और सोलर पार्किंग के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संविधान विभिन्न देशों के संविधानों के अध्ययन के बाद अंगीकृत किया गया, लेकिन इसके मूल में भारतीय संस्कृति का स्वरूप विद्यमान है। उन्होंने कहा कि संविधान की बदौलत भारत जैसा बड़ा लोकतांत्रिक देश बेहतर तरीके से संचालित हो रहा है। विश्वविद्यालयों में संविधान पार्क स्थापित करने के पीछे यही उद्देश्य है कि विद्यार्थी इसकी मूल भावना को समझ सके।

राज्यपाल ने कहा कि हमारा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। यह देश को आजादी दिलाने वाले वीरों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि बीकानेर अपनायत का शहर है। यहां अतिथियों के स्वागत की अनूठी परंपरा है। उन्होंने कहा कि सावन महीने में बीकानेर की छ्टा और अधिक मनमोहक हो जाती है। राज्यपाल मिश्र ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति चेतना जगा रहा है। उन्होंने कहा कि शुष्क मरुस्थलीय क्षेत्र में ऑक्सीजन पार्क जैसा नवाचार महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने अधिक से अधिक ऑक्सीजन देने वाली वनस्पतियां और पौधे लगाए जाएं तथा इनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधे मिट्टी का क्षरण रोकते हैं। भूजल स्तर बढ़ाते हैं तथा तापमान कम करते हैं। इसके मद्देनजर उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों को अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार का प्रत्येक कार्मिक और विद्यार्थी पौधे लगाएं। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा किए गए नवाचारों की सराहना की।

शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने कहा कि संविधान हमारे देश की आत्मा है। इसने हमें एक सूत्र में बांधा हुआ है। इसके प्रति कृतज्ञ होना हमारा मूल दायित्व है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने में हजारों देशभक्तों ने अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। छत्तीस कौम के देशवासियों ने जेलों में अनेक यातनाएं सही। इन सभी के अमूल्य योगदान की बदौलत देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि आज हमारा लोकतंत्र दुनिया के सबसे मजबूत लोकतांत्रिक देशों की सूची में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। युवाओं को अनेकता में एकता की भावना को आगे बढ़ाने की पहल करनी होगी। उन्होंने 13 से 15 अगस्त तक आयोजित हर घर तिरंगा अभियान में पूरे उत्साह के साथ भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बीकानेर के किसी एक विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय के रूप क्रमोन्नत करने का आह्वान किया तथा कहा कि इससे मरुस्थलीय क्षेत्र के चहुंमुखी विकास की राह आसान होगी।

केंद्रीय संस्कृति और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि 12 मार्च 2021 को आजादी के अमृत महोत्सव की शुरुआत हुई। इसके तहत देश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश को संविधान देने में बीकानेर का भी महत्वपूर्ण योगदान था। यहां के जसवंत सिंह दाउदसर संविधान निर्मात्री समिति के सदस्य थे। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव ऐसे अनसंग हीरोज के प्रति कृतज्ञता अर्पित करने का अवसर है, जिनकी वीर गाथा अब तक जन-जन तक नहीं पहुंच सका है। उन्होंने विश्वविद्यालय के कला वर्ग के विद्यार्थियों द्वारा एक दिन मैं 75 देशभक्तों के पोट्रेट बनाए जाने की सराहना की।

ऊर्जा राज्य मंत्री भंवर सिंह भाटी ने कहा कि प्रत्येक विश्वविद्यालय में संविधान पार्क बनाने की पहल विद्यार्थियों के लिए संविधान के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने महाराजा गंगा सिंह को दूर दृष्टा शासक बताया और उनके व्यक्तित्व को नमन किया। उन्होंने कहा कि गंगनहर और पीबीएम अस्पताल उनकी देन थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रथम कार्यकाल में यह विश्वविद्यालय बना। अब यह विश्वविद्यालय अपनी विशेष पहचान बना चुका है। यहां नए विषय और संकाय खोले गए। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान पिछले तीन वर्षों में बहुत आगे बढ़ा है। तीन वर्ष पूर्व तक प्रदेश में 230 महाविद्यालय थे, वहीं इन तीन वर्षों में 180 नए महाविद्यालय खुले हैं। इस अवधि में बीकानेर जिले में 10 नए कॉलेज खोले गए हैं।

महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव मनाना हम सभी के लिए गर्व की अनुभूति वाला है। इस अवसर पर हमें देश को आजाद करवाने वाले देशभक्तों के प्रति कृतज्ञ होना चाहिए। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में आने वाले विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण के लिए यहां संविधान पार्क और अहिंसा पार्क बनाया गया है। इसी प्रकार महात्मा गांधी, स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों को प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में स्थापित स्तरीय इंडोर स्टेडियम, ऑडिटोरियम के निर्माण के अलावा अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय विद्युत उपलब्धता की दृष्टि से आत्मनिर्भर हो रहा है। यहां पहले से 100 किलोवाट का सोलर कॉरिडोर स्थापित किया गया है। वहीं 400 किलोवाट की सोलर पार्किंग का शिलान्यास किया गया है।

इससे पहले राज्यपाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्यपाल कलराज मिश्र ने संविधान की उद्देशिका का वाचन करवाया और मूल कर्तव्यों का पठन किया।

विश्वविद्यालय परिसर में राज्यपाल का हुआ भव्य अभिनंदन

राज्यपाल कलराज मिश्र का विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचने पर भव्य अभिनंदन किया गया। मुख्य द्वार पर वैदिक मंत्रोच्चार और शंखवादन के साथ राज्यपाल का स्वागत किया गया। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सर्वधर्म एकता झांकी, ढोल और मशक वादन, कच्छी घोड़ी और कालबेलिया नृत्य के माध्यम से राज्यपाल का अभिनंदन किया गया। शोभायात्रा में घोड़ों और ऊंटों पर एनसीसी कैडेट्स और रोबीले, हाथों में तिरंगा लिए हुए एनसीसी टीम, आरएसी का बैंड और स्काउट केडेट्स शामिल रहे। इस दौरान लोक गायन की सुमधुर स्वरलहरियां बिखेरी गई। पूरे परिसर को तिरंगे के रंग से रंगा गाया। इस दौरान राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय साइकिल धावकों ने साइकिल रैली भी निकाली।

राज्यपाल ने किया संविधान पार्क और ऑक्सीजन पार्क का उद्घाटन

राज्यपाल कलराज मिश्र ने विश्वविद्यालय परिसर में बने संविधान पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राज्यपाल ने विश्विद्यालय में बने ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। उन्होंने यहां पीपल का पौधा भी लगाया। राज्यपाल ने मुख्य समारोह में सोलर पार्किंग का शिलान्यास किया।

राज्यपाल को भेंट की पुस्तक की प्रथम प्रति

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के उप कुल सचिव डॉ. बिठ्ठल बिस्सा और डॉ. सीताराम ने पुस्तक ‘चाइल्ड लेबर इन इंडिया’ की प्रति राज्यपाल को भेंट की। इस दौरान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतीश के. गर्ग, स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. पी. सिंह, बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अंबरीश शरण विद्यार्थी, पूर्व कुलपति प्रो. ए.के. गहलोत, जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल, पुलिस अधीक्षक योगेश यादव मौजूद रहे। कुलसचिव यशपाल आहूजा ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मेघना शर्मा ने किया।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Ad
- Advertisment -

Most Popular