बीकानेर Abhayindia.com भारतीय किसान संघ की ओर से किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर पिछले एक वर्ष से ज्ञापन, धरना और प्रदर्शन के माध्यम से आंदोलन किया जा रहा है। इसी क्रम में संगठन ने जिला एवं तहसील स्तर पर धरना-प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान किसानों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया।भारतीय किसान संघ की प्रमुख मांगों में गुणवत्तापूर्ण सिंचाई पानी, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति, ढीले बिजली तारों को दुरुस्त करना, अधूरे जीएसएस पूरे करना, डिग्गियों के लिए अनुदान तथा यूरिया-डीएपी का शत-प्रतिशत वितरण केवीएसएस अथवा जीएसएस के माध्यम से किया जाना शामिल है।
संगठन ने निर्णय लिया है कि जब तक किसानों की मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक जिले की अलग-अलग तहसीलों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन जारी रहेंगे। किसानों ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीकानेर आगमन के दौरान सरकार को किसानों की समस्याओं की सुध लेनी चाहिए, ताकि किसान खुशी के साथ स्वतंत्रता दिवस का पर्व मना सकें।
धरने के दौरान जिला कलेक्टर ने फसल बीमा के संबंध में बताया कि सरकार संवेदनशील है और बजट जारी किया गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में फसल बीमा क्लेम मिलने शुरू होने की संभावना है। स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए 16 अगस्त के बाद संगठन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मामलों का निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया। राजस्व से जुड़े खातेदारी, रास्ते आदि प्रकरणों के समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि धरना-प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को चेताया जा रहा है कि वह किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करे। मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान जिला एवं तहसील कार्यकारिणी के सदस्यों ने ज्ञापन सौंपा। धरने में शंभू सिंह, शिवदत्त सीगड़, राजेंद्र सिंह, राजाराम लेघा, बजरंग धारणीय, महेंद्र सिंह, रामावतार शर्मा, भंवरलाल साईं, राजेंद्र सियाग सहित जिला एवं तहसील स्तर के पदाधिकारी तथा सैकड़ों किसान मौजूद रहे।














