







जयपुर Abhayindia.com राजस्थान सरकार के माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से अजमेर में आयोजित विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए अतिरिक्त निदेशक, संयुक्त निदेशक एवं उप निदेशक तथा वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के लिए उप-प्राचार्य पदों की नियमित डीपीसी में कुल 11,886 कार्मिकों का चयन किया गया।
इसी प्रकार विभिन्न संवर्गों की रिव्यू डीपीसी में भी चयन किया गया, जिनमें द्वितीय श्रेणी अध्यापक से प्राध्यापक पद पर 205 कार्मिक, छाया पद प्राचार्य पर 12, छाया पद प्राध्यापक पर 14 तथा प्राचार्य रिव्यू डीपीसी के अंतर्गत व्यक्तिगत प्रकरणों में 2 कार्मिक शामिल रहे। समग्र रूप से विभाग में अतिरिक्त निदेशक, संयुक्त निदेशक, उप निदेशक एवं उप-प्राचार्य पदों की नियमित डीपीसी तथा प्राध्यापक (विभिन्न विषय–रिव्यू), छाया पद प्राचार्य एवं प्राध्यापक तथा प्राचार्य (रिव्यू) सहित कुल 12,193 कार्मिक पदोन्नति से लाभान्वित हुए हैं।
उक्त डीपीसी राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा मनोनीत सदस्य प्रो. (डॉ.) अय्यूब खान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें सदस्य सचिव निदेशक माध्यमिक शिक्षा, राजस्थान सीताराम जाट, कार्मिक विभाग से मनोनीत सैयद सिराज अली जैदी तथा शासन द्वारा नामित संयुक्त शासन सचिव मनीष गोयल सदस्य के रूप में सम्मिलित रहे।
ये पदोन्नतियां राज्य की शिक्षा व्यवस्था में रिक्त पदों की पूर्ति एवं गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक कदम हैं। शिक्षामंत्री मदन दिलावर एवं शासन सचिव, शिक्षा कृष्ण कुणाल ने पदोन्नत अधिकारियों व शिक्षकों को बधाई देते हुए उनसे प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इनका कहना है...
“शिक्षा विभाग के 12,193 कार्मिकों की पदोन्नति राज्य सरकार की शिक्षण नेतृत्व में समावेशिता और समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मैं सभी नव पदोन्नत कार्मिकों को हार्दिक बधाई देता हूं और अपेक्षा करता हूं कि ये सभी कार्मिक प्रदेश के शैक्षिक परिदृश्य को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करेंगे।” –मदन दिलावर, शिक्षामंत्री राजस्थान


