बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के सर्राफा कारोबारियों के करीब एक करोड़ 41 लाख 61 हजार 365 रुपए मूल्य के सोने के जड़ाऊ आभूषण हड़पने का एक संगीन मामला सामने आया है। इस मामले में आरोप जयपुर के एक व्यापारी पर लगा है। न्यायालय के आदेश के बाद नयाशहर थाना पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की है।
मुरलीधर व्यास कॉलोनी निवासी योगेश कुमार सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह बीकानेर और जयपुर के सर्राफा कारोबारियों के बीच आभूषणों की ब्रोकरेज का काम करता है। करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात जयपुर निवासी आरोपी सुनील सैनी से हुई थी। आरोपी ने खुद को सोने के आभूषणों का व्यापारी बताते हुए बीकानेर के जड़ाऊ आभूषण जयपुर के व्यापारियों तक पहुंचाने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद 27 फरवरी 2026 को आरोपी बीकानेर आया और विभिन्न कारीगरों व व्यापारियों के जड़ाऊ आभूषण देखे और 14 जड़ाऊ सेट पसंद किए, जिनकी कुल कीमत 1.41 करोड़ रुपए से अधिक थी। इनमें महेंद्र सोनी, इंद्र सोनी, ऋतुराज सोनी, किशन सोनी, रमेश सोनी, आनंद सोनी और परिवादी योगेश कुमार सोनी के आभूषण शामिल थे। आरोप है कि आरोपी ने सभी आभूषणों का लिखित इकरारनामा तैयार कर हस्ताक्षर किए और 15 दिन में भुगतान करने अथवा आभूषण नहीं बिकने पर वापस लौटाने का आश्वासन दिया। इसी भरोसे पर आभूषण उसे सौंप दिए गए। लेकिन, तय अवधि गुजरने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया।
















