बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के प्रसिद्ध तेलीवाड़ा घाटी के नीचे स्थित श्रीदाऊजी मंदिर के पास की गली में खुली नाली के कारण हर समय हादसों की आशंका बन रही है। कई बार लोग इसमें गिर कर चोटिल भी हो चुके हैं। इस मार्ग पर यातायात का दबाव भी काफी रहता है। इसे लेकर सामाजिक कार्यकर्त्ता चौरूलाल सुथार ने नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है।
सुथार ने अवगत कराया है कि श्रीदाऊजी मंदिर की पूरी दीवार के पास चौड़ी नाली बनी हुई है यहां मुख्य सड़क का रास्ता बहुत ही संकरा होने के कारण यहां से गुजरने वाले चार पहिया वाहन एक तरफ से इस नाली में फंस जाते थे इस समस्या के निस्तारण बाबत इस पूरी नाली के ऊपर लोहे के जंगलों/जालियों से कवर करवाया गया ताकि कोई वाहन इसमें फंसे नहीं। लेकिन, पिछले कुछ समय से जाली का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर अलग हो गया व उसे कोई उठाकर भी ले गया। अब यहां किसी वाहन के फंसने की समस्या फिर खड़ी हो गई है। सुथार ने नगर निगम के अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस खुली पड़ी नाली पर वापिस लोहे की मजबूत जाली लगाई जाए ताकि कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से बच सके कारण ऊपर बरसात का मौसम है व ऐसे में ज्यादा पानी के बहाव में नाली का यह खुला हिस्सा नज़र भी नही आएगा व कोई वाहन चालक इसमें गिरकर चोटिल हो सकता है।













