






बीकानेर Abhayindia.com किसान नेता व पूर्व मंत्री भीमसेन चौधरी का 102वां जन्मदिवस 5 जनवरी को मनाया जाएगा। इसे लेकर भीमसेन चौधरी स्मारक समिति सहित विभिन्न संस्थाओं की ओर से कार्यक्रम होंगे।
भीमसेन चौधरी स्मारक समिति के अर्जुनराम कूकणा ने बताया कि धोरों में नहर का पानी लिफ्ट करवाकर हरित क्रांति लाने वाले किसान नेता भीमसेन चौधरी ने बीकानेर की समृद्धि के लिए ऐतिहासिक काम करवाए। बीकानेर के प्रथम जिला प्रमुख, लूणकरणसर से छह बार विधायक व राजस्थान सरकार में उद्योग मंत्री रहे भीमसेन चौधरी ने उरमूल डेयरी की स्थापना करते हुए बीकानेर क्षेत्र में दुग्ध क्रांति लाने काम किया। कूकणा ने बताया कि भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा परमो धर्म के सिद्धांत पर चलते हुए स्वर्गीय भीमसेन चौधरी ने पशु बलि के विरोध में विधानसभा में निजी बिल पारित करवाकर उसे लागू करवाया।
कूकणा ने बताया कि मरूधरा के गांधी भीमसेन चौधरी का 102वां जन्मदिवस आगामी 5 जनवरी को मनाया जाएगा, जिसे लेकर मुख्य कार्यक्रम बीकानेर स्थित उनके प्रतिमा स्थल पर सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद बीकानेर शहर में स्थित भीमसेन चौधरी बाल उद्यान व स्वामी केशवानंद कृषि विश्वविद्यालय स्थित भीमसेन चौधरी किसान घर सहित जिले के लूणकरणसर व अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लूणकरणसर उपखंड मुख्यालय स्थित भीमसेन चौधरी किसान छात्रावास में 5 जनवरी को ही सुबह 11.30 बजे प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि कार्यक्रम रखा गया है। वहीं, लूणकरणसर कस्बे में भीमसेन चौधरी राजकीय महाविद्यालय में भी पूर्व मंत्री भीमसेन चौधरी के 102वें जन्मदिवस पर कार्यक्रम आयोजित होगा।


