






बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के बाजार में पिछले काफी समय से नकली नोट चलाने वाले सक्रिय हैं। इस बीच, आज फड़ बाजार में एक ठेले पर नकली नोट थमाने के बाद एकबारगी मामला गर्मा गया। बाद में समझाइश से मामला शांत हो सका। असल में, पटेल नगर निवासी महिला राधा देवी सारण ने फड़ बाजार में एक ठेले पर दो सौ रुपए का एक नोट देकर 30 रुपए की सब्जी ली। इस पर उन्हें 170 रुपए वापस कर दिए गए। इनमें एक सौ का नोट भी था। राधा देवी ने कुछ ही दूरी पर एक अन्य ठेले पर फल लिए और उसे 100 रुपए का नोट थमा दिया। इस दुकानदार ने उक्त नोट नकली बताते हुए वापस लौटा दिया। इससे राधा देवी हैरान रह गई और वापस पहले वाले ठेले पर जाकर उलाहना दिया। ठेला संचालक महिला ने कुछ देर बहस के बाद राधा देवी को नकली के बदले में असली सौ रुपए का नोट दे दिया, तब जाकर मामला शांत हो सका। इस बीच, परिवादी महिला के परिवारजनों ने इसकी सूचना कोटगेट पुलिस थाने को भी दे दी है। आपको यह भी बता दें कि फड़ बाजार में घटित हुए इस घटनाक्रम के दौरान कई अन्य लोगों ने भी कहा कि बाजार में इस तरह से नकली नोट खूब चल रहे हैं। कई बार सावधानी नहीं रखने पर ग्राहक नकली नोट लेकर चले जाते हैं।


