





बीकानेर Abhayindia.com नई दिल्ली के वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज एवं सफदरजंग अस्पताल में आयोजित राष्ट्रीय वूमेन ऑफ यूरोलॉजी सम्मेलन में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं पीबीएम अस्पताल, बीकानेर के यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश चन्द्र आर्य के शोध पोस्टर को प्रथम पुरस्कार मिला।
डॉ. आर्य एवं डॉ. आई. डी. चरण ने सम्मेलन में दो वैज्ञानिक शोध पोस्टर प्रस्तुत किए। पुरस्कार प्राप्त शोध में 13 वर्षीय बालिका में जन्मजात दुर्लभ रोग क्लासिक ब्लैडर एक्सस्ट्रॉफी के सफल एकल-चरण पुनर्निर्माणात्मक ऑपरेशन का विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे विशेषज्ञों ने पुनर्निर्माणात्मक यूरोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि बताया। इस उपलब्धि पर सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र वर्मा तथा पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी. सी. घीया ने डॉ. मुकेश चन्द्र आर्य, डॉ. आई. डी. चरण एवं यूरोलॉजी विभाग की टीम को बधाई देते हुए इसे संस्थान और राजस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।






