बीकानेर Abhayindia.com इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बीकानेर सिटी ब्रांच एवं अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ बीकानेर शाखा की संयुक्त बैठक स्वास्थ्य भवन में हुई। इस दौरान कोरोनाकाल में चिकित्सकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
अरिस्दा बीकानेर के अध्यक्ष एवं जोन के संयुक्त निदेशक डॉ.देवेन्द्र चौधरी ने कोरोना मरीजों से आह्वान किया कि बिना चिकित्सक की सलाह के कोरोना का खुद के स्तर पर इलाज नहीं करें, साथ ही मीडिया से कोरोना के इलाज संबंधी भ्रामक विज्ञापन और खबरें न छापने की अपील की है।
आइएमए बीकानेर सिटी अध्यक्ष डॉ.अबरार पंवार ने बताया कि बैठक के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जयपुर के संयुक्त निदेशक डॉ.लाल थडानी, अरिस्दा बीकानेर और आइएमए बीकानेर सिटी के सचिव डॉ.नवल किशोर गुप्ता, डीटीओ डॉ.सीएस मोदी, अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ.योगेंद्र तनेजा, डॉ.सुनील हर्ष, डॉ.वैभव पंवार आदि शामिल हुए।
प्लाज्मा के लिए करेंगे प्रेरित…
आइएमए बीकानेर प्रवक्ता डॉ.सुनील हर्ष ने बताया कि आइएमए बीकानेर में कोरोना से ठीक हुए मरीजों को प्लाज्मा डोनेट करने के लिए प्रेरित करेगा, इसके लिए सघन अभियान चलाया जाएगा जिसके लिए जरूरी सूचियां तैयार कर ली गई है, इसकी शुरुआत में मेडिकल विभाग के फार्मासिस्ट मनोज हर्ष से प्लाज्मा डोनेट करवाया जा चुका है।
एनसीडी कॉर्डिनेटर इंद्रजीत ढाका ने भी आइएमए की प्रेरणा से प्लाज्मा डोनेशन की इच्छा जताई। इसके साथ ही आइएमए सस्ती दरों पर चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ को एन 95 मास्क उपलब्ध करवाएगा।
आइएमए सचिव डॉ.नवल किशोर गुप्ता ने बताया कि बीकानेर से डॉ.एसएन हर्ष को नेशनल आइएमए में वाइस प्रेसिडेंट के पद के नोमिनेट करने का प्रस्ताव बीकानेर से भेजा जाएगा।
इस प्रक्रिया का किया विरोध…
आइएमए और अरिस्दा ने एक संयुक्त बयान जारी कर कोरोना से संक्रमित लोगों की मृत्यु के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में चिकित्सकों की उपस्थिति को गैर जरूरी बताते हुए इसका विरोध किया है, जिलाधीश से विभिन्न चिकित्सा अधिकारियों के जिले में आकस्मिक निरीक्षण अथवा कोरोनाकाल में इमरजेंसी मूवमेंट में हाइवे पर टोल टैक्स से राहत दिलाने के लिए पत्र लिखा जाएगा।
















