Tuesday, April 21, 2026
Homeराजस्थानगैस सिलेंडरों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश, रसोइयों की होगी...

गैस सिलेंडरों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश, रसोइयों की होगी नियमित मॉनिटरिंग

AdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के स्पष्ट निर्देशों की अनुपालना में स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव श्री रवि जैन की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित बैठक में राज्यभर में संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना के अंतर्गत घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत संचालित सभी रसोइयों में गैस सिलेंडरों की नियमित और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को भोजन प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

शासन सचिव ने कहा कि प्रदेश में संचालित लगभग 1071 अन्नपूर्णा रसोइयों की नियमित रूप से सघन मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक रसोई में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था तथा संचालन की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाए।

उन्होंने सभी जिला कलेक्टर्स को भी निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों में गैस सिलेंडर आपूर्ति करने वाले सप्लायर्स की नियमित समीक्षा करें तथा यह सुनिश्चित करें कि अन्नपूर्णा रसोईयों को गैस सिलेंडरों की समय पर और पर्याप्त आपूर्ति हो। सप्लायर्स को भी यह अवगत करवाया जाए की अन्नपूर्णा रसोई में कमर्शियल सिलेंडर नहीं घरेलू सिलेंडर ही इस्तेमाल करने का प्रावधान है जिस से किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति उत्पन्न न हो ।

शासन सचिव जैन ने कहा कि श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसके माध्यम से जरूरतमंदों और आमजन को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसलिए योजना के संचालन में किसी प्रकार की बाधा या कमी नहीं आनी चाहिए।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि किसी भी अन्नपूर्णा रसोई में भोजन उपलब्ध नहीं हो रहा हो या किसी प्रकार की समस्या हो तो वे तुरंत राजस्थान संपर्क पोर्टल के हेल्पलाइन नंबर 181 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में उप निदेशक विनोद राजपुरोहित, मुख्य अभियंता अरुण व्यास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे तथा सभी नगरीय निकायों के उच्च अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!