






जयपुर Abhayindia.com प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों में एक अप्रैल से शुरू होने वाले नवीन शैक्षणिक सत्र को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में स्कूल शिक्षा के शासन सचिव श्री कृष्ण कुणाल की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए सत्र की तैयारियों को समयबद्ध और प्रभावी रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बजट घोषणा 2026-27 में विभाग से संबंधित योजनाओं एवं गतिविधियों की क्रियान्विति की समीक्षा की गई। शासन सचिव श्री कुणाल ने विभाग से जुड़े लंबित और प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही राज्य सरकार की बजट घोषणाओं में शामिल योजनाओं और कार्यक्रमों को तय समयसीमा में धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने बजट घोषणाओं की क्रियान्विति से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। शासन सचिव ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी प्रबंध पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां शीघ्र पूर्ण करें, ताकि योजनाओं की प्रगति की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त अनुपमा जोरवाल, वित्तीय सलाहकार अनुपमा शर्मा, अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक (प्रथम) सीमा शर्मा, अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक (द्वितीय) अशोक कुमार मीणा सहित विभाग के उपायुक्त और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


