जयपुर Abhayindia.com मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशों पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में भर्तियां मिशन मोड में पूर्ण की जा रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संविदा आधार पर नर्स एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के कुल 3 हजार 578 पदों पर भर्ती कर पदस्थापित कर दिया गया है।
मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम ने बताया कि राजस्थान अधीनस्थ मंत्रालयिक चयन बोर्ड के द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संविदा आधार पर नर्स एवं सीएचओ की भर्ती प्रकिया पूर्ण की जाकर जारी अन्तिम परिणाम के आधार पर सविंदा नर्स-2025 में चयनित 1 हजार 932 अभ्यर्थियों को नर्स के पदों पर पदस्थापन कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर चयनित 3 हजार 822 अभ्यर्थयों में से ब्रिज कोर्स पूर्ण करने वाले 1 हजार 646 अभ्यर्थियों को राजहैल्थ पोर्टल के माध्यम से पदस्थापित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी में शेष 2 हजार 176 चयनित अभ्यर्थियों को विभागीय स्तर से ब्रिज कोर्स करवाया जाकर शीघ्र ही पदस्थापित कर दिया जाएगा। संविदा नर्स एवं सीएचओ का पदस्थापन सभी 41 जिलों में किया गया है।
















