









बीकानेर Abhayindia.com पीबीएम अस्पताल में अव्यवस्थाओं तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में मस्जिदों और दरगाहों पर की जा रही कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारी मैदान में आयोजित सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित वरिष्ठ नेताओं ने भजनलाल सरकार पर जमकर हमला बोला।
सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्र और राज्य सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा व्यवस्था और किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के दावे धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं, जबकि महंगाई और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने संबोधन में पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में लगातार सामने आ रही शिकायतों और प्रसूताओं की मौत के मामलों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका आरोप था कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और आम जनता को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। डोटासरा ने सीमावर्ती क्षेत्रों में मस्जिदों और दरगाहों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियां सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं। इसके अलावा उन्होंने कानून-व्यवस्था, किसानों को नकली खाद-बीज की आपूर्ति, महिलाओं की सुरक्षा और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर भी सरकार को घेरा।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया। सभा में विधायक सुशीला डूडी, विधायक शिमला नायक, पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, भंवर सिंह भाटी, गोविंद राम मेघवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कदम उठाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस और बड़ा आंदोलन करेगी।















