बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में सफाई व्यवस्था को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ डंपिंग यार्ड में कचरा गाड़ियां, टैक्सी, ट्रैक्टर खड़े हैं, तो दूसरी तरफ वार्डों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। इसी को लेकर आज फिर कांग्रेस पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा।
तीन दिन पहले आयुक्त का घेराव और तीन दिन का अल्टीमेटम देने के बाद आज कांग्रेस पार्षद फिर नगर निगम धमके और आयुक्त कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। जमकर नारेबाजी की।
धरने पर बैठे पार्षद
धरने पर पार्षद धर्मवीर नाहटा, नवलकिशोर पुरोहित, दुर्गादास छंगाणी, मनोज विश्नोई, जावेद पड़िहार, नंदलाल जावा, पार्षद प्रतिनिधि पारस मारू, हेमन्त कातेला सहित कई पार्षद मौजूद रहे।
पार्षदों ने आपा खोते हुए निगम अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई। निगम की उपायुक्त दमयंती कंवर से बोले- अगर आपसे काम नहीं हो रहा है तो कुर्सी छोड़ दीजिए, हम करेंगे बीकानेर बंद का ऐलान।
क्या है आरोप
पार्षदों का आरोप है कि सफाई के ठेके में घोर अनियमितताएं हुई हैं। कचरा संग्रहण करने वाली टैक्सियों में लगी बैटरी एकदम घटिया है। एक चक्कर में ही बैटरी का दम फूल जाता है, गाड़ियां बंद हो जाती हैं, इसलिए कचरा उठ ही नहीं रहा।
गौरतलब है कि इससे तीन दिन पहले भी पार्षदों ने नगर निगम में आयुक्त का घेराव किया था और तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन अभी तक सफाई व्यवस्था सुचारू नहीं हुई, जिससे पार्षदों में भारी आक्रोश है।



















