Thursday, June 25, 2026
Hometrendingसिविल सेवा प्री परीक्षा-2026 का आयोजन 24 मई को, मुख्य सचिव ने...

सिविल सेवा प्री परीक्षा-2026 का आयोजन 24 मई को, मुख्य सचिव ने दिए दिशा-निर्देश, प्रशासन अलर्ट

AdAdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com आगामी 24 मई को आयोजित होने वाली संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को शासन सचिवालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अजमेर, जोधपुर, जयपुर और उदयपुर जिलों के कुल 125 परीक्षा केन्द्रों पर सम्मिलित होंगे, ऐसे में परिवहन एवं कानून-व्यवस्था की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्य सचिव ने प्रदेश में अधिक गर्मी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों वाले क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश भी दिए।

मुख्य सचिव ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही, संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अव्यवस्था की स्थिति नहीं हो, इसके लिए सभी अधिकारी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

मुख्य सचिव ने बैठक में उपस्थित जयपुर कलेक्टर और वीसी से जुड़े जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, जिला कलेक्टर्स के साथ पुलिस एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, प्रशासनिक सुधार विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दिनेश कुमार, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था विजय कुमार सिंह, जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आयुक्त डॉ. जोगा राम, कार्मिक विभाग की शासन सचिव अर्चना सिंह, जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक, संयुक्त शासन सचिव गृह विभाग अंजलि राजोरिया, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव पचार सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

AdAdAdAdAdAdAdAdAdAdAdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!