Saturday, April 25, 2026
Homeराजस्थानदिल का दौरा पडऩे से भाजपा विधायक का निधन

दिल का दौरा पडऩे से भाजपा विधायक का निधन

AdAdAdAdAdAdAd

जयपुर (अभय इंडिया न्यूज)। प्रदेश को राजनीति के क्षेत्र में एक और अपूरणीय क्षति हुई है। अलवर जिले की मुंडावर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक धर्मपाल चौधरी का बुधवार देर रात दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया। चौधरी कुछ दिन से सीने में दर्द से पीडि़त थे तथा उनका गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। जानकारी के अनुसार चौधरी ने उपचार के दौरान रात करीब तीन बजे अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि उनका पार्थिव शरीर आज दोपहर बाद तक उनके पैतृक गांव जाट बहरोड़ पहुंचेगा। दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

भाजपा विधायक धर्मपाल चौधरी की निधन की खबर सुनकर पूरी पार्टी स्तब्ध है। चौधरी के निधन पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित पार्टी से जुड़े तमाम नेताओं ने दु:ख जताया है। चौधरी का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति मानी जा रही है। अलवर क्षेत्र के जाट नेताओं में धर्मपाल चौधरी का नाम अग्रिम पंक्ति के नेताओं में माना जाता रहा है। धर्मपाल चौधरी साल 2003, 2008 और 2014 में भाजपा से विधायक पद की जिम्मेदारी संभाल चुके थे। भाजपा की पिछली सरकार के कार्यकाल में उन्हें संसदीय सचिव बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया था। चौधरी अलवर जिले की जाट महासभा के 2000 से 2014 तक लगातार अध्यक्ष भी रह चुके थे।

धर्मपाल चौधरी का जन्म 4 जुलाई 1954 को बहरोड़ क्षेत्र के जाट बहरोड़ गांव में हुआ था। उन्होंने बहरोड़ के राजकीय सीनियर सैकंडरी स्कूल से 12 तक पढ़ाई की थी। धर्मपाल चौधरी की शादी 1973 में बिमला चौधरी से हुई थी। वे अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ कर गए हैं। गौरतलब है कि फरवरी महीने में ही राजस्थान में नाथद्वारा से भाजपा विधायक कल्याण सिंह चौहान का 57 वर्ष की उम्र में एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। चौहान भी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। चौहान ने कांग्रेस के सी. पी. जोशी को विधानसभा चुनाव में एक वोट से हराया था।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!