





बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के नगर निगम चुनाव 2026 में अगर कोई वार्ड सबसे ज्यादा चर्चा में है तो वो है वार्ड नंबर 73। इस वार्ड को हॉट सीट माना जा रहा है क्योंकि यहां भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही मेयर के संभावित दावेदारों को उतारा है। कांग्रेस से प्रत्याशी बनाए गए अनिल कल्ला को लेकर उठ रहे सवालों पर आज पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने बड़ा बयान दिया।
आज प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने जब पूछा कि आखिर भतीजे अनिल कल्ला को क्यों चुनाव लड़ा रहे हैं, तो डॉ. कल्ला ने कहा- “मैं पिछले दस चुनाव लड़ चुका हूं, आज तक मेरे परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ा। इस बार वार्ड 73 की जनता खुद मेरे पास आई। लोगों ने कहा कि भाजपा यहां से मेयर पद के उम्मीदवार को चुनाव लड़ा रही है, इसलिए आपको भी परिवार से किसी मजबूत चेहरे को उतारना चाहिए।”
उन्होंने आगे बताया, “मैंने बड़े भाई जनार्दन कल्ला (पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष) से बात की। उन्होंने तो पहले अपने दोनों बेटों महेन्द्र कल्ला और अनिल कल्ला दोनों को ही चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। लेकिन, मेरे और वार्डवासियों के लगातार आग्रह पर वे अनिल को चुनाव लड़ाने के लिए राजी हुए।” मेयर पद की दावेदारी के सवाल पर डॉ. कल्ला ने गेंद प्रदेश कांग्रेस कमेटी पर डाल दी। उन्होंने कहा कि यह फैसला जीत के बाद पार्षद और प्रदेश कांग्रेस कमेटी करेगी।
क्यों है वार्ड 73 हॉट?
असल में, इस वार्ड से भाजपा ने दीपक पारीक को टिकट दिया है। पारीक का नाम भाजपा में मेयर की रेस में सबसे आगे चल रहा है। कांग्रेस ने उनके सामने कल्ला परिवार से अनिल कल्ला को उतार कर मुकाबले को हाई-प्रोफाइल बना दिया है। भाजपा ने दीपक पारीक को मजबूत प्रत्याशी मानते हुए पूर्व मंत्री के क्षेत्र से ताल ठोकने के लिए उतारा है। पारीक ने पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। पारीक ने कहा है कि पार्टी ने सेवा कार्यों को देखते हुए ही मुझ पर भरोसा रखते हुए चुनावी मैदान में उतारा है और मैं उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा।
बागी बिगाड़ेंगे खेल- त्रिकोणीय होगा मुकाबला!
इस हाई-वोल्टेज लड़ाई में कांग्रेस के बागी आनंद जोशी ने निर्दलीय ताल ठोक कर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। बागी जोशी खुलकर कह रहे हैं- “कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ता की अनदेखी की है। वार्ड पर बाहरी प्रत्याशी थोपा गया है, जिसे वार्डवासी बर्दाश्त नहीं करेंगे।” जोशी के बगावती तेवरों से साफ है कि वार्ड 73 में चुनावी संग्राम तगड़ा होने जा रहा है। इस वार्ड में भाजपा के पूर्व पार्षद दिनेश कुमार भाजपा के बागी के तौर पर मैदान में डटे हैं। वहीं, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट) से दीवान, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से राकेश श्रीमाली व इमत्याज अली निर्दलीय के तौर पर अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इस वार्ड पर पूरे शहर की नजरें टिकी हैं।







