बीकानेर Abhayindia.com जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने गुरुवार को नगरीय निकाय आम चुनाव के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अब तक के कार्यों की समीक्षा की और आगामी दिनों में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित कैलेंडर के अनुसार समस्त कार्य सम्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकसूचना जारी होने के साथ ही गुरुवार को नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नामांकन 31 अगस्त तक लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगले दो कार्यदिवस में बड़ी संख्या में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हो सकते हैं, अतः प्रत्येक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं। उन्होंने कहा कि रविवार को समस्त रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय तैयारियों के लिए खुले रहें, जिससे सोमवार को अधिक संख्या में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त होने की स्थिति में समूची प्रक्रिया आसानी से सम्पन्न हो जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नगर पालिका क्षेत्र में कानून व्यवस्था संधारण, वल्नरेबल और क्रिटिकल बूथों से जुड़ी आवश्यक व्यवस्था, एरिया और जोनल मजिस्ट्रेट से समन्वय, समस्त प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाएं, दिव्यांग मतदाताओं का चिह्नीकरण तथा उनके लिए की जाने वाली समस्त व्यवस्थाओं सहित प्रत्येक कार्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कैलेंडर के अनुसार करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि रिटर्निंग अधिकारी, सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी है। अपनी भूमिका को समझते हुए प्रत्येक रिटर्निंग अधिकारी पूर्ण गंभीरता और समन्वय से कार्य करें। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, एडीएम (सिटी) रीना, एसडीएम महिमा कसाना सहित रिटर्निंग अधिकारी मौजूद रहे।
पहले दिन प्राप्त हुए चार नाम निर्देशन पत्र
नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया गुरुवार को शुरू हुई। पहले दिन चार नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए। इनमें बीकानेर नगर निगम के लिए एक, नोखा नगर पालिका के लिए दो तथा श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका के लिए एक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुआ। शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व पर अवकाश रहेगा। शनिवार को प्रातः 10:30 से दोपहर 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे।
ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के संदर्भ में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का प्रथम रेण्डमाईजेशन गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन, रिटर्निंग अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बैलेट यूनिट (बीयू) और कंट्रोल यूनिट (सीयू) मशीनों की संख्या का निर्धारण नगर निगम एवं प्रत्येक नगर पालिका के मतदान केन्द्रों की संख्या से बीस प्रतिशत अधिक (120 प्रतिशत) किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले की 6 नगर पालिका एवं 1 नगर निगम क्षेत्र में कुल 687 मतदान केन्द्र (451 नगर निगम एवं 236 नगर पालिका) निर्धारित किए गए हैं। इसकी अनुपालना में प्रथम रेण्डमाईजेशन के लिए निर्वाचन आयोग के ईवीएम ट्रेकिंग सॉफ्टवेयर में ई-सूची पर 874 बीयू एवं 893 सीयू का आवंटन किया गया। इनमें बीकानेर नगर निगम के लिए कुल 542 बीयू व 542 सीयू आवंटित की गई। इसी श्रृंखला में नगर पालिका खाजूवाला के लिए 24 बीयू एवं 24 सीयू, नगर पालिका नापासर के लिए 30 बीयू एवं 30 सीयू, नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़ के लिए 62 बीयू एवं 62 सीयू, नगर पालिका नोखा के लिए 96 बीयू एवं 96 सीयू, नगर पालिका देशनोक के लिए 30 बीयू एवं 30 सीयू एवं नगर पालिका लूणकरणसर के लिए 42 बीयू एवं 42 सीयू आवंटित की गई।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, ईवीएम प्रकोष्ठ प्रभारी रणजीत बिजारणियां, सहायक प्रभारी भवानी प्रकाश, भारतीय जनता पार्टी के राजेंद्र पवार, दिलीप सिंह आडसर और कौशल शर्मा कांग्रेस के प्रहलाद सिंह मार्शल, आरएलपी के राम निवास तथा सीपीएम के सुरेंद्र सिंह सहित समस्त रिटर्निंग अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
















