








बीकानेर Abhayindia.com पंचायती राज चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान और परिणामों के बाद जिले के छतरगढ़ उपखंड के अंतर्गत आने वाले गांव केला में दो पक्षों के बीच तनाव हो गया।दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, छतरगढ़ पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाले ग्राम केला में सरपंच पद के लिए मुकाबला कड़ा और रोमांचक था। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला जमीला और इकबाल के बीच था। दोनों पक्षों के बीच कांटे की टक्कर के बाद जब देर रात मतगणना की प्रक्रिया पूरी हुई, तो चुनाव परिणाम में जमीला को अपने प्रतिद्वंद्वी इकबाल के मुकाबले 34 वोटों से विजयी घोषित किया गया। इसके साथ ही समर्थकों के बीच जश्न और निराशा का माहौल शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और हार-जीत के तनाव को लेकर बहस तीखी हो गई, जो कुछ ही मिनटों में हिंसक झड़प और पथराव में बदल गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने जब स्थिति बेकाबू होते देखी, तो उन्होंने तुरंत कड़ा रुख अपनाते हुए हल्का बल प्रयोग किया और हुड़दंगियों को वहां से खदेड़ा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद गांव की गलियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थिति को कुछ ही देर में नियंत्रण में ले लिया गया।






